Cyclone YAAS Alert: धनबाद और पड़ोसी जिलों पर भी मंडरा रहा तूफान का खतरा, माैसम विभाग रांची ने दी यह चेतावनी
Jharkhand Weather News ओमान के चक्रवात का असर झारखंड पर भी पड़ेगा। राज्य के धनबाद बोकारो हजारीबाग कोडरमा रामगढ़ गिरिडीह जामताड़ा देवघर दुमका गोड्डा पाकुड़ और साहिबगंज समेत ज्यादातर हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसे लेकर माैसम विभाग रांची ने अलर्ट जारी किया है।
धनबाद, जेएनएन। Dhanbad Weather Forecast Today ओमान के तूफान यास (Cyclone Yaas) से धनबाद की आबोहवा बदलने वाली है। सोमवार से ही इसका असर दिखने लगेगा। धूप छांव जैसे हालात बनेंगे। बादल गरजने के साथ आंधी-बारिश की भी संभावना है। मौसम विभाग ने इसे लेकर अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद की मानें तो 24 मई की सुबह से ही बंगाल की खाड़ी मेंचक्रवात सक्रिय हो जाएगा जो उत्तर व उत्तर पूर्वी दिशा की ओर बढ़ेगा। 25 मई तक इसके सुपर साइक्लोन बनने का अनुमान है। 26 मई की सुबह पश्चिम बंगाल, पूर्वी ओडिशा और बांग्लादेश के तट पर पहुंचेगा। इससे पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भारी बारिश के आसार हैं। बांग्लादेश में भी चक्रवात तबाही मचा सकता है। झारखंड में हल्का प्रभाव पड़ेगा।
झारखंड को लेकर माैसम विभाग का अलर्ट
ओमान के चक्रवात का असर झारखंड पर भी पड़ेगा। राज्य के धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, गिरिडीह, जामताड़ा, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज समेत ज्यादातर हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। 25 से 28 मई के दौरान बिजली कड़कने के साथ 40 से 50 की रफ्तार से हवा चलने और तेज बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 25 से 28 मई के बीच बिजली गिरने को लेकर भी अलर्ट जारी किया है।
धनबाद के तापमान में आएगी गिरावट, 28 डिग्री पर जाएगा अधिकतम तापमान
कई दिनों तक होने वाली बारिश से धनबाद के तापमान में भी बदलाव होगा। मंगलवार से तापमान में गिरावट दिखने लगेगा। 25 मई को तापमान में 8 से 9 डिग्री तक गिरावट का अनुमान है। अधिकतम तापमान अभी 36 डिग्री पर है जो 28 डिग्री पर पहुंच जाएगा। इसके साथ ही 25 से 28 मई तक धनबाद में आंधी बारिश के साथ बिजली गिरने का भी खतरा बरकरार रहेगा।
गुरुवार 27 मई तक का संभावित तापमान
- सोमवार अधिकतम 36 न्यूनतम 26
- मंगलवार अधिकतम 31 न्यूनतम 26
- बुधवार अधिकतम 28 न्यूनतम 23
- गुरुवार अधिकतम 28 न्यूनतम 23