Madhupur Assembly By-Election 2021: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मधुपुर विधानसभा उपचुनाव को बताया खास, कहा-हर हाल में जीतेंगे
मुख्यमंत्री हेमंत ने कहा कि झामुमो के समक्ष जब-जब तूफान आया वह ज्यादा निखरकर सामने आया है। अब तो कांग्रेस और राजद भी साथ है। दो-दो उपचुनाव जीत चुके हैं। मधुपुर विधानसभा उपचुनाव भी जीत लेंगे। भाजपा की चुनाैती को खारिज करते हुए कहा कि उसके पास उम्मीदवार नहीं है।
देवघर, जेएनएन। मधुपुर विधानसभा सीट को हाई प्रोफाइल सीट बनाते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि यहां चुनाव तो होता रहा है। लेकिन इस बार यह सीट हमारे लिए खास हो गया है। यह चुनाव तो जीतना है ही। जीतकर अपने अभिभावक स्वरूप हाजी साहब ( झारखंड के पूर्व मंत्री हाजी हुसैन अंसारी) को श्रद्धांजलि देना है। जनता की ओर मुखातिब सीएम ने कहा कि नामांकन में उमड़ी भीड़ बता रही है कि परिणाम में झामुमो नंबर वन आएगा। झामुमो प्रत्याशी हफीजुल हसन अंसारी की जीत होगी।
हर तूफान से निखर कर बाहर निकला झामुमो
सीएम ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा ( JMM) के समक्ष जब-जब तूफान आया वह ज्यादा निखरकर सामने आया है। अब तो कांग्रेस और राजद भी साथ है। आत्मविश्वास से लवरेज हेमंत ने मुस्कुराते कहा कि मधुपुर चुनाव जीते हैं, उपचुनाव भी जीत लेंगे। इससे पहेल ही दुमका और बेरमो उपचुनाव जीत चुके हैं। अब तो जीतने की गिनती भी भूल जाएंगे। भाजपा का नाम लिए बगैर कहा कि बेकार में चुनाव लड़ना चाहते हैं। नामांकन ही नहीं करना चाहिए। लेकिन क्या करेंगे? पैसा है चुनाव तो लड़ेंगे ही। चुनाव मैदान में कौन योद्धा आते हैं। उनको भी देखते हैं।
हाजी हुसैन अंसारी के निधन के कारण हो रहा उपचुनाव
मधुपुर से झामुमो विधायक हाजी हुसैन अंसारी के निधन के कारण उपचुनाव हो रहा है। वे झारखंड सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री थे। अंसारी के निधन के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनके बेटे हफीजुल हसन अंसारी को मंत्री बना दिया। अब उपचुनाव में हफीजुल को झामुमो ने प्रत्याशी बनाया है। मंत्री पद पर बने रहने के लिए हफीजुल को चुनाव जीतना जरूरी है। इसलिए मधुपुर विधानसभा उपचुनाव को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के लिए खास है। गुरुवार को अंसारी ने उपचुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। इससे पहले अंसारी के पक्ष में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने चुनाव में झामुमो प्रत्याशी की जीत का दावा किया।