Raj Sinha MLA Dhanbad: राज सिन्हा की हत्या को दी गई सुपारी, हजारीबाग की गुमनाम महिला ने पत्र लिख दी जानकारी
Jharkhand BJP MLA Raj Sinha पत्र में विधायक की हत्या की योजना की जानकारी दी गई है। इसमें हत्या की योजना में शामिल लोगों के मोबाइल और वाहन नंबरों का जिक्र है। पुलिस जांच कर रही है।
धनबाद, जेएनएन। Jharkhand BJP MLA Raj Sinha धनबाद के विधायक राज सिन्हा को हजारीबाग की एक गुमनाम महिला ने पत्र भेजा है। पत्र में विधायक की हत्या की योजना की जानकारी दी गई है। इसमें हत्या की योजना में शामिल लोगों के मोबाइल और वाहन नंबरों का जिक्र है। विधायक ने पत्र को धनबाद पुलिस को साैंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पत्र के पीछे का सच क्या है? सचमुच में विधायक की जान को खतरा है या कोई और साजिश।
विधायक राज सिन्हा का कार्यालय सरायढेला थाना क्षेत्र के जगजीवन नगर में स्थित है। विधायक ने सरायढेला थाना को पत्र साैंपा है। सरायढेला थाना प्रभारी किशोर तिर्की ने बताया कि शिकायत मिली है। पुलिस पत्र का सत्यापन कर रही है। हर पहलू की जांच हो रही है। पुलिस जल्द ही इस चिट्ठी की सच्चाई से पर्दा उठा देगी। कोयलांचल में राजनीतिक दलों द्वारा अपनी सुरक्षा बढ़ाने के लिए भी तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जाते हैं। इस एंगल से भी धनबाद पुलिस जांच कर रही है। यहां सरकारी अंगरक्षक प्राप्त करने के लिए गाड़ी पर गोली चलवाने और बम फोड़वाने की भी घटना घट चुकी है।
विधायक का कहना है कि उन्होंने या किसी कार्यकर्ता ने न तो रेकी करने वालों को नोटिस किया है न ही पुलिस पेट्रोलिग टीम को ही देखा। उन्हें भगवान पर भरोसा है। उनकी कृपा रही तो कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
जहां तक विधि व्यवस्था की बात तो इस सरकार के आते ही अपराधी बेलगाम हो गये हैं। भाजपा नेताओ को खासकर टारगेट किया जा रहा है। सभी अपना टारगेट पूरा करनेमें लगे हैं। सरकार ने खुली छूट दे रखी है। एसएसपी नहीं है, ग्रामीण एसपी नहीं है। कोई इंस्पेक्टर स्तर पर कोई काबिल अधिकारी जिले को नहीं दिया गया है। धनबाद का भगवान ही मालिक है। सिन्हा के मुताबिक वे पत्र से घबराने वाले नही। उनका पुराना रूटीन जारी रहेगा।