Move to Jagran APP

Jharkhand Assembly Election 2019: एक्जिट पोल में कमल से जोश में भाजपाई, परिणाम में सही तो मिशन-65 प्लस को मिलेगा बल

झारखंड प्रदेश भाजपा के महामंत्री अनंत ओझा कहते हैं-हमारे पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा चमत्कारिक नेतृत्व है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जैसा कुशल रणनीतिकार है।

By MritunjayEdited By: Published: Tue, 22 Oct 2019 03:18 PM (IST)Updated: Tue, 22 Oct 2019 03:18 PM (IST)
Jharkhand Assembly Election 2019: एक्जिट पोल में कमल से जोश में भाजपाई, परिणाम में सही तो मिशन-65 प्लस को मिलेगा बल
Jharkhand Assembly Election 2019: एक्जिट पोल में कमल से जोश में भाजपाई, परिणाम में सही तो मिशन-65 प्लस को मिलेगा बल

धनबाद, जेएनएन। मुख्‍यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में झारखंड की सत्ता में वापसी के लिए भाजपा ने मिशन-65 प्लस का लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए भाजपा जोर-शोर से लगी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी झारखंड में जनसभा कर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में जोश भर चुके हैं। मुख्यमंत्री रघुवर दास काम के दम पर जनता का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए जोहार जनआशीर्वाद यात्रा कर रहे हैं। इस बीच महाराष्ट्र और हरियाणा में सोमवार को चुनाव के बाद आए एक्जिट पोल में कमल खिलते हुए दिखाया गया है। इससे झारखंड के भाजपाइयों में खुशी की लहर दाैड़ गई है। अब महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव परिणाम का इंतजार है। पार्टी के पक्ष में परिणाम आने पर झारखंड में भी भाजपा के पक्ष में माहाैल बनेगा। इस माहौल भाजपा के रणनीतिकार जीत में बदलने के लिए भुनाने की कोशिश करेंगे।

loksabha election banner

महाराष्ट्र-हरियाणा के परिणाम का झारखंड में दिखेगा असरः महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के एक्जिट पोल नतीजों ने धनबाद के भाजपाइयों में भी रंगत ला दी है। एक्जिट पोल के मुताबिक भाजपा को महाराष्ट्र में जहां 197 से 244 तक सीटें आ सकती हैं वहीं हरियाणा में 71 से 80 सीटों तक की संभावनाएं जताई गई है। यह दोनों ही जगह पिछले नतीजों से दोगुना है। इस पूर्वानुमान से भाजपा कार्यकर्ता गदगद दिख रहे हैं। पार्टी पदाधिकारियों का भी मानना है कि महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजों का झारखंड के चुनाव परिणाम पर भी व्यापक असर पड़ेगा। पार्टी पदाधिकारियों के मुताबिक एक्जिट पोल नतीजों ने कार्यकर्ताओं को जोश से लबरेज कर दिया है। दूसरी ओर आम जनता भी इस रिजल्ट से काफी प्रभावित होगी। दूसरी ओर विपक्षी दल जो पहले ही अलग-अलग खेमों में बंटे हैं इस नतीजे से और हतोत्साहित होंगे।

मोदी के नेतृत्व और शाह की रणनीति का परिणामः झारखंड प्रदेश भाजपा के महामंत्री अनंत ओझा कहते हैं-हमारे पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा चमत्कारिक नेतृत्व है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जैसा कुशल रणनीतिकार है। साथ ही साथ प्रधानमंत्री मोदी का देश और प्रदेशों के विकास को लेकर विजन है। इस बात को जनता अच्छी तरह जान चुकी है। यही कारण कि चुनाव दर चुनाव भाजपा जीत रही है। महाराष्ट्र और हरियाणा का परिणाम हमारे पक्ष में आने जा रहे हैं। एक्जिट पोल यह संकेत दे रहे हैं। दोनों राज्यों में भाजपा की जीत से निश्चित रूप से झारखंड में भी माहाैल बनेगा। हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री रघुवर दास के काम के दम पर झारखंड में मिशन- 65 प्लस हासिल करेंगे।

धनबाद की सभी छह सीटों पर जीत का दावाः धनबाद जिला भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी ने पहले से ही चुनावी अभियान में विपक्षी दलों को पछाड़ रखा है। हमारा सदस्यता अभियान पूरा हो चुका है। हर गांव में कमल दूत पार्टी का प्रचार कर रहे हैं। महिला मोर्चा कमल कलश यात्रा निकाल रही है तो युवा मोर्चा आकांक्षा पेटी लेकर आम लोगों की आकांक्षाएं पेटी में संग्रहित कर रही है। लाभार्थी योजना के तहत पार्टी की योजनाओं से लाभान्वित लोगों को हम संगठित कर रहे हैं। इन सबसे ऊपर मुख्यमंत्री रघुवर दास की जनादेश यात्रा पूरे प्रदेश में हो चुकी है जिससे लोग भाजपा के पक्ष में मूड बना चुके हैं। दूसरी ओर विपक्षी दल कहीं दिख नहीं रहे। सिंह के मुताबिक झारखंड में भी महाराष्ट्र-हरियाणा की सफलता दुहराएंगे। धनबाद की सभी छह सीटें जीतेंगे।

परिणाम में भी एक्जिट पोल की तरह नतीजे के दावेः इधर धनबाद जिला भाजपा महामंत्री संजय झा की मानें तो महाराष्ट्र व हरियाणा में एक्जिट पोल के जो नतीजे आए हैं वही वास्तविक परिणाम भी है। विपक्ष धराशायी हो गया है। अब राष्ट्रवाद और विकास की ही राजनीति चल सकती है। खोखले नारों, वादों से काम नहीं चल सकता यह जनता ने बता दिया है। झारखंड में भाजपा रघुवर दास के नेतृत्व में चुनाव जीतकर एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.