जनता से जुड़कर Jharkhand BJP बना रही चुनाव घोषणा पत्र, उठी 24 घंटे बिजली की मांग Dhanbad News
सबकी सुनने के बाद सांसद बीडी राम ने कहा कि सबका सुझाव स्वागत योग्य है। जनता की उम्मीद और आशा के अनुरूप ही घोषणा पत्र तैयार किया जाएगा।
धनबाद, जेएनएन। Jharkhand Assembly Election 2019 के लिए भारतीय जनता पार्टी ने समाज के सभी वर्गों से राय लेकर चुनाव घोषणा पत्र तैयार करने का निर्णय लिया है। इसके लिए BJP झारखंड प्रदेश ने सांसद बीडी राम की अध्यक्षता में चुनाव घोषणा पत्र समिति बनाई है। राम ने गुरुवार को इंडस्ट्री एंड कॉर्मस एसोसिएशन (ICA) धनबाद के सभागार में समाज के विभिन्न क्षेत्र के प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श किया। इस दाैरान घोषणा पत्र से लिए जनता की तरफ से काफी सुझाव दिए गए।
सांसद बीडी राम की अध्यक्षता में हुई बैठक में धनबाद में हवाईअड्डा निर्माण के साथ ही उद्योगों के लिए आधारभूत संसाधन मुहैया कराने की मांग उठी। IMA के धनबाद अध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट झारखंड में लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह एक्ट दूसरे राज्यों में लागू है। झारखंड में भी लागू होना चाहिए। इसके लागू होने के बाद झारखंड मेडिकल हब के रूप में उभरेगा। चिकित्सकों का मान-सम्मान बनाए रखने के लिए मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट जरूरी है। जीटा के महासचिव राजीव शर्मा ने झारखंड में नई औद्योगिक नीति बनाने की वकालत की। उन्होंने कहा कि उद्योगों को 24 घंटे बिजली मिलनी चाहिए। यह सरकार को सुनिश्चित करनी चाहिए।
सबकी सुनने के बाद सांसद बीडी राम ने कहा कि सबका सुझाव स्वागत योग्य है। जनता की उम्मीद और आशा के अनुरूप ही घोषणा पत्र तैयार किया जाएगा। इस माैके पर सांसद पीएन सिंह, विधायक राज सिन्हा, झारखंड प्रदेश भाजपा के प्रशिक्षण प्रमुख गणेश मिश्र, रागिनी सिंह, रमा सिन्हा, डॉ. संगीता कर्ण, महेश पासवान आदि उपस्थित थे।