छात्रा ने रहस्यमय परिस्थिति में लगाई फांसी, मां-बाप के बाद सिर से दीदी का साया उठने से भाई-बहन की बढ़ी परेशानी Dhanbad News
धनबाद के भौंरा ओपी क्षेत्र में एक अनाथ छात्रा अपने घर में फांसी के फंदे से लटकती मिली। छात्रा के माता-पिता की माैत पहले हो गई थी। वह घर में अपने छोटे भाई और बहन के साथ रहती थी। उसकी माैत के बाद छोटे भाई-बहनों की परेशानी बढ़ गई है।
जागरण संवाददाता, झरिया/ भौंरा। कभी-कभी ईश्वर का निर्णय भी बड़ा बेरहम होता है। अब धनबाद के झरिया अंचल में भौंरा मांझी बस्ती की घटना को ही लीजिए। 20 वर्षीय छात्रा शीतल कुमारी के सिर से मां-बाप का साया पहले ही उठ गया था। वह रहस्यमय परिस्थिति में घर के अंदर फांसी के फंदे से लटकती मिली है। यह घटना शीतल के दो छोटे भाई और बहन के लिए बड़ा ही क्रूर साबित हुआ है। मां-बाप की माैत के बाद शीतल अपने छोटे भाई-बहनों की देखभाल करती थी। अब वह भी नहीं रही। भाई-बहन रो-रोकर बेहाल हो रहे हैं।
कपड़े की दुकान में करती थी काम
भौंरा ओपी अंतर्गत मांझी बस्ती में रहने वाली अनाथ 20 वर्षीय छात्रा शीतल कुमारी ने शुक्रवार की देर बाद रहस्यमय परिस्थिति में फांसी लगा ली। सुबह में एक भाई और बहन ने शीतल को फांसी पर लटके देख शोर मचाया। आसपास के लोग जमा हुए। लोगों ने घटना की जानकारी भौंरा ओपी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में किया। स्वजनों से पूछताछ कर घटना की छानबीन की। घर में मृतक का एक भाई और एक बहन है। शीतल दो वर्ष पूर्व ही कस्तूरबा बालिका आवासीय विद्यालय झरिया भौंरा से इंटर पास की थी। फिलहाल वह आगे की पढ़ाई के साथ एक कपड़ा दुकान में भी काम कर रही थी। शीतल की मौत पर कस्तूरबा गांधी विद्यालय झरिया की प्राचार्या ने काफी दुख जताया है।
तीन वर्ष पहले बीमारी से पिता की माैत
स्थानीय लोगों का कहना है कि शीतल के पिता की मौत बीमारी से तीन साल पूर्व में हो गई थी। जबकि मां की मौत कई वर्ष पूर्व हो गई थी। शीतल की एक बहन कस्तूरबा विद्यालय में ही पढ़ती है। भाई भी सरकारी स्कूल में पढ़ता है। शीतल की मौत से छोटा भाई और बहन रो-रोकर बेहाल हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि शीतल पढ़ने में काफी तेज थी। माता, पिता की मौत के बाद दोनों छोटे भाई व बहन को पालने की जिम्मेवारी इस पर थी। इसलिए कपड़े की एक दुकान में भी काम करती थी। पहले मां और फिर पिता इसके बाद शीतल की मौत से उसके गरीब भाई व बहन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
स्थानीय लोगों ने कहा कि शीतल पढ़ने में काफी तेज और और दिलेर थी। शीतल की रहस्यमय मौत से पर्दे को पुलिस को हटाना चाहिए। पुलिस छानबीन कर रही है। भौंरा ओपी पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे कुछ कहा जा सकता है।