झरिया विधायक ने विधानसभा में उठाया अंचल कार्यालय के जर्जर भवन का मुद्दा, पूछा- क्या इस साल बनेगा नया भवन?
झरिया विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने बुधवार को झारखंड विधानसभा में जर्जर और क्षतिग्रस्त झरिया अंचल कार्यालय भवन का मामला उठाया। उन्होंने राजस्व निबंधन व भूमि सुधार विभाग से झरिया में बनने वाले नए अंचल कार्यालय भवन के निर्माण के संबंध में जानकारी मांगी।
जागरण संवाददाता, झरिया (धनबाद): झरिया विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने बुधवार को झारखंड विधानसभा में जर्जर और क्षतिग्रस्त झरिया अंचल कार्यालय भवन का मामला उठाया। उन्होंने राजस्व, निबंधन व भूमि सुधार विभाग से झरिया में बनने वाले नए अंचल कार्यालय भवन के निर्माण के संबंध में जानकारी मांगी।
विधायक पूर्णिमा ने कहा कि क्या यह बात सही है कि कार्यपालक अभियंता भवन धनबाद प्रमंडल झरिया के जर्जर और क्षतिग्रस्त अंचल कार्यालय भवन के नवनिर्माण के लिए अभियंता प्रमुख रांची को प्रतिवेदन किया गया है? क्या यह सही है कि भवन निर्माण को विभाग की ओर से वास्तुविद नियुक्त करने के बाद मुख्यालय को अभी तक डीपीआर अप्राप्त है?
सरकार के अवर सचिव ने इस संबंध में कहा कि पांच करोड़, 52 लाख 15 हजार रुपये की डीपीआर अधीक्षण अभियंता भवन हजारीबाग को 21 मई 2022 को ही समर्पित की जा चुकी है। इस पर विधायक ने सवाल किया कि क्या सरकार वर्ष 2022-23 में झरिया अंचल कार्यालय के नए भवन के निर्माण का विचार रखती है। अवर सचिव ने जवाब दिया कि अधीक्षण अभियंता भवन हजारीबाग से तकनीकी स्वीकृति मिलने के बाद विभाग नियम के अनुसार प्रशासनिक स्वीकृति प्नदान कर देगा।
मालूम हो कि झरिया अंचल कार्यालय कई वर्षों से जर्जर पड़ा हुआ है। भवन के कई कमरे क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। बावजूद इसके यहां सरकारी कार्य के लिए हर दिन कर्मचारी और अधिकारियों के अलावा सैकड़ों आम लोग पहुंचते हैं। इसकी वजह से यहां जानमाल का खतरा लगातार बना हुआ है। बरसात के दिनों में अंचल कार्यालय भवन की छत से पानी टपकता रहता है। इससे कर्मियों को कार्य करने में काफी परेशानी होती है।
बाहर से यहां काम कराने के लिए आने वाले लोगों भी अपने आप को असुरक्षित महसूस करते हैं।
इसके पहले भी विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह झरिया अंचल कार्यालय के जर्जर व क्षतिग्रस्त भवन को लेकर विधानसभा में सवाल उठा चुकी हैं।