पूर्णिमा की सरजू राय से शिष्टाचार मुलाकात पर सियासत, हेमंत सरकार में मंत्री बनाए जाने के कयास तेज Dhanbad News
झरिया विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह (Purnima Neeraj Singh) ने निर्दलीय विधायक सरजू राय से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने एक दूसरे को जीत की बधाई दी।
धनबाद, जेएनएन। झरिया विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह (Jharia MLA Purnima Neeraj Singh) ने निर्दलीय विधायक सरजू राय (Independent MLA Saryu Rai) से मंगलवार को मुलाकात की। यह मुलाकात झारखंड विधानसभा, रांची में हुई। सूत्रों के अनुसार, पूर्णिमा सिंह और सरजू राय की यह शिष्टाचार मुलाकात थी। इस दौरान दोनों नेताओं ने एक दूसरे को जीत की बधाई दी। इस दौरान पूर्णिमा के साथ उनके मौसेरा देवर हर्ष सिंह भी मौजूद थे।
पूर्णिमा नीरज सिंह पहली बार झरिया से जीत कर विधानसभा पहुंची हैं। उन्होंने 52 सालों बाद कांग्रेस को झरिया में जीत दिलाया। उनसे क्षेत्र के लोगों को काफी उम्मीदें हैं। झरिया की जनता विगत कई सालों से पेयजल संकट व अन्य समस्याओं से जूझ रही है। वहीं, सरजू राय ने सीएम रघुवर दास को हराकर जीत दर्ज की है। दोनों नेताओं के इस मुलाकात से कोयलांचल में सियासत तेज हो गई है। राजनीतिक गलियारों में यह कयास शुरू हो गया है कि पूर्णिमा को कांग्रेस कोटे से हेमंत सोरेन की सरकार में मंत्री बनाया जा सकता है।
सीएम हेमंत लेंगे फाइनल डिसीजन : इधर, सूत्रों का कहना है कि हेमंत सरकार अपने मंत्रीमंडल में पूर्णिमा सिंह को महिला चेहरे के तौर पर जगह देने का विचार कर रही है। पूर्णिमा महिला हैं और कांग्रेस कोटे से हैं, इस कारण से उनकी दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। हालांकि, इसपर अंतिम फैसला होना अभी बाकि है। उम्मीद की जा रही है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सभी सहयोगी दलों (कांग्रेस-राजद) से राय लेकर ही इसपर फाइनल डिसीजन लेंगे।