जनता दरबार में ट्रैफिक समस्या के ज्यादा मामले आए सामने
उपायुक्त के जनता दरबार में मंगलवार को सबसे ज्यादा ट्रैफिक से जुड़ी समस्याओं के मामले सामने आए। लोगों ने गया पुल अंडरपास की मरम्मत यातायात व्यवस्था को सुधारने की गुहार लगाई। इस दौरान लोदना झरिया बरमसिया तेलमच्चो सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याओं के निवारण के लिए उपायुक्त से अनुरोध किया।
जागरण संवाददाता, धनबाद : उपायुक्त के जनता दरबार में मंगलवार को सबसे ज्यादा ट्रैफिक से जुड़ी समस्याओं के मामले सामने आए। लोगों ने गया पुल अंडरपास की मरम्मत, यातायात व्यवस्था को सुधारने की गुहार लगाई। इस दौरान लोदना, झरिया, बरमसिया, तेलमच्चो सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याओं के निवारण के लिए उपायुक्त से अनुरोध किया। इन लोगों में सबसे ज्यादा संख्या उन लोगों की थी, जो यातायात व्यवस्था में सुधार चाहते थे। वहीं कुछ लोगों ने लाकडाउन के बाद स्कूलों के खुलने और विद्यालय प्रबंधन द्वारा फी लिए जाने पर रोक लगाने की मांग की। ऐसे लोगों ने कोरोना में अपनी आर्थिक स्थिति बिगड़ने का हवाला देते हुए स्कूल प्रबंधन को फी नहीं लिए जाने का निर्देश देने का अनुरोध किया। वहीं लोदना से आई युवती ने उपायुक्त को बताया कि उनकी मां पारा टीचर थी। कोविड 19 के कारण उनका निधन हो जाने के बाद आर्थिक स्थिति खराब होने की बात कही और अनुकंपा पर नौकरी दिलाए जाने की गुहार लगाई। सहजानंद नगर बरमसिया से आए एक व्यक्ति ने वहां की प्राइम लोकेशन पर स्थित 57 डिसमिल सरकारी जमीन को भू माफियाओं से बचाने का अनुरोध किया। उन्होंने इस जमीन पर बच्चों का पार्क बनाने का सुझाव दिया। तेलमच्चो से आए एक व्यक्ति ने एनएच तथा तालाब पर किए गए अतिक्रमण को दूर करने, झरिया की युवती ने स्कूल फीस माफ करने, कुमारधुबी से आए व्यक्ति ने पेंशन नहीं मिलने की फरियाद की। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा टाटा सिजुआ के प्रतिनिधिमंडल ने शेड बनाने के लिए सांसद गिरिडीह की अनुशंसा पर राशि उपलब्ध कराने का आग्रह किया। बलियापुर से आए व्यक्ति ने बैंक द्वारा केसीसी ऋण नहीं देने की शिकायत की।