Coronavirus Alert: IIT(ISM) पूरी तरह लॉकडाउन; सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को सिर्फ दो-दो घंटे के लिए खुलेंगे गेट
निदेशक प्रो. राजीव शेखर ने सभी प्रोफेसर कर्मचारी व संस्थान में मौजूद अन्य सभी लोगों से आग्रह किया गया है कि वे लॉकडाउन की शर्तो का पालन करें।
धनबाद, जेएनएन। कोरोना के खतरे को देखते हुए IIT(ISM) अब पूरी तरह लॉकडाउन हो जाएगा। अब केवल तीन दिन ही गेट खोले जाएंगे, वह भी केवल दो घंटे के लिए। पहले सभी दिन खोले जा रहे थे।
संस्थान ने निर्णय लिया है कि सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को सुबह दस बजे से 12 बजे तक ही खोला जाएगा। वहीं संस्थान में दूध और दुग्ध उत्पाद पहले से ही सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक रामधनी शॉप के पीछे अमूल पार्लर में उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक रामधनी शॉप के पीछे अमूल पार्लर से सटे दुकान में सभी प्रसाधन के अलावा सभी किराना सामान भी उपलब्ध कराए जाएंगे। सभी प्रकार की सब्जियां और फल संस्थान के मुख्य गेट के पास सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक उपलब्ध कराया जा रहा है। स्टाफ व कॉलोनी के लोगों को ओपीडी सेवाओं के लिए मुख्य केंद्र में स्वास्थ्य केंद्र, किराने का सामान, सब्जियों और फलों के लिए एक घंटे के लिए केवल सोमवार को आने की अनुमति दी गई। वहीं बाहर से दवा की आवश्यकता वाले लोग सुबह 11 बजे तक सुरक्षा कार्यालय (मुख्य द्वार) पर नकदी की अपेक्षित राशि के साथ-साथ शाम पांच बजे तक अपनी आवश्यकताओं को बताएंगे। इसके बाद एक घंटे के भीतर दवा उपलब्ध करा दिया जाएगा। अखबार विक्रेता मुख्य गेट पर जमा किए गए समाचार पत्रों को रखेंगे। उसे सुरक्षाकर्मियों के माध्यम से लोगों के घर तक पहुंचाया जाएगा। इस संबंध में उपनिदेशक जेके पटनायक ने आदेश जारी कर दिया है। बिना किसी ठोस कारण के लॉकडाउन का उल्लंघन किया तो शोकॉज जारी किया जाएगा।
निदेशक प्रो. राजीव शेखर ने सभी प्रोफेसर, कर्मचारी व संस्थान में मौजूद अन्य सभी लोगों से आग्रह किया गया है कि वे लॉकडाउन की शर्तो का पालन करें। आवश्यकता की सभी सामग्री संस्थान की ओर से उपलब्ध कराई जा रही है। सब्जियों, किराने का सामान, टॉयलेटरीज, कोर्ट, नोट अपलोड करने के लिए कार्यालय आदि जैसी आवश्यक सेवाओं को छोड़कर किसी अन्य कारणों से अपने घर से बाहर कोई कदम नहीं करें। अपने मित्रों, पड़ोसियों को परिसर के अंदर या बाहर जाने से मना करें।