Indian Railways: हावड़ा-नई दिल्ली के बीच 160 की रफ्तार से चलेंगी ट्रेनें, धनबाद से पीडीडीयू के बीच ट्रायल रन पर जीएम
Indian Railways आने वाला समय सेमी हाई स्पीड ट्रेनों का होगा। हावड़ा से नई दिल्ली जानेवाली यात्री ट्रेनें 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेंगी। इसके लिए कई बड़े बदलाव करने होंगे। पटरियों को ताकतवर बनाने के साथ-साथ रेलवे को अपना सिग्नलिंग सिस्टम बदलना होगा।
धनबाद, जेएनएन। Indian Railways हावड़ा से नई दिल्ली के बीच 160 किमी प्रति घंटा की स्पीड से ट्रेनों को चलाने के लिए रेलवे पटरियों को तैयार करने में जुट गया है। आने वाले समय में हावड़ा-नई दिल्ली रेल खंड पर सेमी हाई स्पीड ट्रेनें चलेंगी। इसके लिए कई बदलाव कर पटरियों को ताकतवार बनाया जाएगा। सिग्नलिंग सिस्टम को भी बदलाव किया जाएगा। इन सब के मद्देनजर बुधवार को पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर के महाप्रबंधक ललित चंद्र त्रिवेदी धनबाद पहुंचे। उन्होंने धनबाद रेल मंडल के डीआरएम आशीष बंसल के साथ प्रधानखांता से मानपुर तक रेल पटरियों को निरीक्षण किया। इसके बाद मानपुर से मुगलसराय रेल मंडल के डीआरएम के साथ पटरियों को निरीक्षण करते हुए पीडीडीयू स्टेशन की ओर बढ़ गए।
आने वाला समय सेमी हाई स्पीड ट्रेनों का होगा। हावड़ा से नई दिल्ली जानेवाली यात्री ट्रेनें 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेंगी। इसके लिए कई बड़े बदलाव करने होंगे। पटरियों को ताकतवर बनाने के साथ-साथ रेलवे को अपना सिग्नलिंग सिस्टम बदलना होगा। आधुनिक और ऑटोमेटिक सिग्नल के साथ-साथ चालक और गार्ड अधिक तेज गति से ट्रेनों को नियंत्रित कर सकें, इसके लिए सिग्नल के मौजूदा खंभों का दायरा बढ़ाना होगा। धनबाद रेल मंडल में प्रधानखांता से मानपुर तक 202.50 किमी रेल मार्ग पर ट्रेनें 160 की रफ्तार से चलेंगी। रेलवे ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
अब तक हुए काम की प्रगति का जायजा लेने पूर्व मध्य रेल महाप्रबंधक ललित चंद्र त्रिवेदी बुधवार को धनबाद पहुंचे। पहले उन्होंने प्रधानखांता का रुख किया। प्रधानखंता पूर्व रेलवे के आसनसोल और पूर्व मध्य रेल के धनबाद रेल मंडल की सीमा पर है। यहीं से ट्रेनों की गति बढ़ाने की जिम्मेदारी धनबाद रेल मंडल की है। महाप्रबंधक ने प्रधानखंता में प्रस्तावित रेल ओवरब्रिज निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। इसके साथ अपनी सैलून से दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन तक स्पीड ट्रायल के लिए निकल पड़े। उनके साथ मानपुर तक धनबाद डीआरएम आशीष बंसल भी गये। 120 की रफ्तार से जीएम स्पेशल सैलून से उन्होंने विंडो निरीक्षण शुरू किया है। विभागीय अफसरों के साथ सैलून की खिड़कियों से रफ्तार बढ़ाने को लेकर चल रहे कार्यों का जायजा ले रहे हैं। निरीक्षण के दौरान डीआरएम से प्रगति की जानकारी लेने के साथ आवश्यक दिशा-निर्देश भी दे रहे हैं।