Jamtara: फूफा ही निकला मासूम हुसैन का अपहरणकर्ता, हत्या कर घर में दफनाया
मासूम बेटे का शव देखने के बाद एंथोनी का सब्र टूट गया। पुलिस वालों के सामने हाथ जोड़ कर बोला कि हत्यारे को फांसी होगी तभी उसके बेटे की रूह को राहत मिलेगी।
जामताड़ा, जेएनएन। जामताड़ा नगर थाना के नामुपाड़ा में रहने वाले एंथोनी शेख के चार साल के पुत्र हुसैन शेख का अपहरण उसके फूफा इब्राहिम शेख और उसके दोस्त शुभान ने किया था। अपहरण के बाद इब्राहिम ने गला दबा कर बालक की हत्या कर दी। इसके बाद अपने घर में ही कब्र तैयार कर बच्चे को दफना दिया। जामताड़ा पुलिस ने शनिवार को आधी रात में नामुपाड़ा में ही इब्राहिम के घर में बनाए गए कब्र से बच्चे का शव बरामद किया। साथ ही इब्राहिम शेख, उसकी मां सबीना बीबी और दोस्त सुभान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अनुसंधान में जामताड़ा पुलिस को यह पता चला कि इब्राहिम अपने साला एंथोनी शेख को जीवन भर का दर्द देना चाहता था। इसका कारण यह था कि इब्राहिम जब भी अपनी पत्नी को पीटता था तो बहन का पक्ष लेकर एंथोनी इसका विरोध करता था।
हुसैन के गायब होने के बाद से ही एंथोनी को अपने बहनोई पर था शक
इससे पहले जब बेटा हुसैन शेख गायब हुआ तो एंथोनी ने अपने बहनोई इब्राहिम पर शक जाहिर करते हुए जामताड़ा नगर थाना में शिकायत दर्ज करायी। एंथोनी का पैतृक घर देवघर के सबेजोर गांव में है। नामुपाड़ा में हत्या करने के बाद शातिर इब्राहिम सबेजोर चला गया था ताकि ससुराल में होने के कारण किसी को शक न हो। पुलिस ने दूसरे दिन सबेजोर से इब्राहिम को हिरासत में लिया। सुभान को भी पुलिस ने उसी दिन उठा लिया था। शुरुआती सख्ती के बाद उसने कबूला कि उसने ही बच्चे का अपहरण किया है। इस दौरान कभी मिहिजाम तो कभी बिहार के गिद्धौर में बच्चे के होने की जानकारी देता। पुलिस जब वहां गई तो बच्चा वहां नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने सख्ती बरती तो इब्राहिम और उसके दोस्त सुभान ने सच उगल दिया। शनिवार को रात डेढ़ बजे पुलिस ने इब्राहिम के घर जाकर कब्र की खुदाई कारई। इस दौरान इब्राहिम की मां सबीनी बीबी ने विरोध किया। शव मिला तो सबीनी बीबी ने भी कबूल किया कि उन्हें सब कुछ पता था।
सिर्फ पांच हजार रुपये में दोस्त के जरिए किया था अगवा
इब्राहिम ने सिर्फ पांच हजार रुपये देकर अपने दोस्त सुभान के जरिए मासूम बच्चे हुसैन शेख को अगवा कराया था। हुसैन अपने घर के बाहर खेल रहा था। लालच देकर सुभान ने बच्चे को गोद में लिया। उसे इब्राहिम के घर ले जाया गया। गुरुवार की सुबह 11 बजे गबा दबा कर बच्चे को मार भी दिया गया। बच्चे की हत्या के बाद इब्राहिम सबेजोर गांव में ससुराल चला गया था। इब्राहिम की पत्नी सबेजोर में थी।
हत्यारे ने किया था प्रेम विवाह
इब्राहिम और एंथोनी नामुपाड़ा में अगल-बगल रहते हैं। हत्यारे इब्राहिम ने एंथोनी की बहन के साथ प्रेम विवाह किया था। इब्राहिम गुस्सा होता था तो पत्नी को पीट देता था। एक दिन इब्राहिम पत्नी को पीट रहा था तो साला एंथोनी बीचबचाव के लिए गया था। एंथोनी ने बहनोई के साथ धक्कामुक्की थी। साला का धक्कामुक्की करना इब्राहिम को चुभ गया था।
एंथोनी बोला, फांसी होगी तभी बेटे की रूह को राहत
मासूम बेटे का शव देखने के बाद एंथोनी का सब्र टूट गया। पुलिस वालों के सामने हाथ जोड़ कर बोला कि हत्यारे को फांसी होगी तभी उसके बेटे की रूह को राहत मिलेगी।
बालक का अपहरण उसके फूफा इब्राहिम और उसके दोस्त सुभान ने किया था। इब्राहिम की मां ने साक्ष्य छिपाया है। तीनों को जेल भेज दिया गया है। पर्याप्त साक्ष्य है। तीनों को कड़ी सजा होगी।
-अरविंद उपाध्याय, एसडीपीओ, जामताड़ा