ढुलू महतो की विधानसभा सदस्यता पर संकट, निर्वाचन को चुनाैती देने वाली याचिका हाई कोर्ट में स्वीकृत Dhanbad News
भाजपा विधायक ढुलू महतो और कांग्रेस प्रत्याशी जलेश्वर महतो के बीच बाघमारा विधानसभा चुनाव में कड़ा मुकाबला हुआ था। भाजपा विधायक ढुलू महतो मात्र 824 मतों के अंतर से निर्वाचित हुए थे।
धनबाद/ रांची, जेएनएन। भाजपा विधायक ढुलू महतो की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। झारखंड में सत्ता बदलने के बाद एक ओर पुलिस उनके पीछे पड़ी है तो राजनीतिक विरोधी कांग्रेस नेता पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो भी ढुलू को छोड़ने के मूड में नहीं हैं। महतो ने ढुलू के निर्वाचन को चुनाैती देते हुए हाई कोर्ट रांची में याचिका दायर की थी। इस याचिका पर जस्टिस एके चाैधरी ने बुधवार को सुनवाई की। उन्होंने याचिका को सुनवाई के लिए स्वीकृत करते हुए विधायक ढुलू महतो को नोटिस जारी किया। इस मामले की अगली सुनवाई 22 अप्रैल, 2020 को होगी।
क्या है मामला
झारखंड विधानसभा चुनाव- 2019 के दाैरान भाजपा विधायक ढुलू महतो और कांग्रेस प्रत्याशी जलेश्वर महतो के बीच बाघमारा विधानसभा चुनाव में कड़ा मुकाबला हुआ था। भाजपा विधायक ढुलू महतो मात्र 824 मतों के अंतर से निर्वाचित हुए। ढुलू के निर्वाचन के बाद कांग्रेस प्रत्याशी जलेश्वर महतो ने मतगणना में गड़बड़ी का आरोप जड़ा था। इसी मामले को लेकर जलेश्वर महतो ने ढुलू महतो के निर्वाचन को हाई कोर्ट में चुनाैती दी। जलेश्वर ने ढुल्लू महतो के चुनाव में हुई जीत को चुनौती देते हुए मतगणना में गड़बड़ी का आरोप लगाया। साथ ही नामांकन रद्द करने व रिकाउंटिंग की मांग की। इसी मामले की बुधवार को हाई कोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट ने याचिका को सुनवाई लायक समझा। विधायक ढुलू को नोटिस जारी किया। सुनवाई की अगली तिथि 22 अप्रैल निर्धारित की गई।
जीत-हार में एक फीसद मतों से भी कम का अंतर
23 दिसंबर, 2019 को झारखंड विधानसभा चुनाव की मतगणना हुई थी। बाघमारा में बीजेपी प्रत्याशी ढुलू महतो को जहां कुल 78299 वोट (43.71 फीसद) मिले थे, वहीं कांग्रेस प्रत्याशी जलेश्वर महतो ने 77, 467 वोट (43.25 फीसद) प्राप्त किए। अंतिम समय तक चली कांटे की टक्कर में ढुलू महतो 824 मतों के अंतर से निर्वाचित घोषित हुए थे।