Bird Flu Alert : केरल से फैले बर्ड फ्लू के दस्तक देने की आशंका से झारखंड में घबराहट, पशुपालन मंत्री ने किया अलर्ट
Bird Flu Alert केरल में पक्षियों के संक्रामक रोग के प्रकोप के बाद पड़ोसी कर्नाटक और तमिलनाडु भी सचेत हो गया है। केरल में फ्लू से 2000 बतखों के मरने की जानकारी सामने आई है। एमपी के इंदौर में बर्ड फ्लू से 150 से अधिक पक्षी मरे पाए गए हैं।
दुमका , जेएनएन। Bird Flu Alert देश के दूसरे प्रदेशों समेत पड़ोसी राज्य बिहार में बर्ड फ्लू फैलने की संभावनाओं को देखते हुए झारखंड सरकार ने राज्य में अलर्ट जारी करने का निर्देश दिया है। बुधवार को सूबे के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने दुमका में कहा कि बर्ड फ्लू के खतरे को देखते हुए सभी जिले के उपायुक्तों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है। कहा कि रांची पहुंचने पर इस पर और समीक्षा कर अग्रतर पहल किया जाएगा। फिलहाल सीमा सील करने जैसी स्थिति नहीं है। लेकिन निश्चित तौर पर इस पर निगाह रखने की आवश्यकता है। इसलिए पशुपालन महकमा को को एहतियातन सजग व सचेत रहने की दरकार है। कहा कि जिलों को यह निर्देश दिया गया है कि जहां कहीं से भी ऐसी कोई सूचना मिले तुरंत उपायुक्त व विभाग को सूचना दी जाए ताकि आवश्यक कदम शीघ्रता से उठाया जा सके।
दुमका में उपायुक्त बी राजेश्वरी के साथ झारखंड के पशुपालन मंत्री और जनसमूह
केरल में एच फाइव एन ऐट स्ट्रेन से फैला है बर्ड फ्लू
केरल में बर्ड फ्लू के एच फाइव एन ऐट स्ट्रेन से फैले बर्ड फ्लू को नियंत्रित करने के लिए मुर्गे-मुर्गियों और बत्तखों को मंगलवार से मारना शुरू कर दिया गया है। जबकि हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश में फ्लू के मामले रिपोर्ट होने के बाद जम्मू कश्मीर में भी अलर्ट घोषित करते हुए और प्रवासी पक्षियों का नमूना लिया जाना शुरू है।
केरल में पक्षियों के संक्रामक रोग के प्रकोप के बाद पड़ोसी कर्नाटक और तमिलनाडु भी सचेत हो गया है। केरल में फ्लू के कारण करीब 2000 बतखों के मरने की जानकारी सामने आई है। मध्य प्रदेश के इंदौर में एक सप्ताह पहले मृत कौओं में बर्ड फ्लू के एच फाइव एन एट वायरस की पुष्टि होने के बाद अब तक शहर में इसी प्रजाति के 150 से अधिक पक्षी मरे पाए गए हैं।