नोटिस पर भाजपा-कांग्रेस ने चुकाया एंबुलेंस का बिल, झामुमो नेताओं को खोज रहा स्वास्थ्य विभाग Dhanbad News
झारखंड विधानसभा चुनाव-2019 के चाैथे चरण में धनबाद में 16 दिसंबर को मतदान हुआ था। लेकिन सभी राजनीतिक दलों ने अब तक एंबुलेंस का शुल्क जमा नहीं किया है।
धनबाद, जेएनएन। झारखंड विधानसभा चुनाव- 2019 के दाैरान राजनीतिक दलों के स्टार प्रचारकों की सेवा में स्वास्थ्य विभाग ने एंबुलेंस लगाया था। जहां भी बड़े नेताओं की सभा होती थी वहां आपात परिस्थिति के लिए एंबुलेंस खड़ा रहता। चुनाव समाप्त होने के बाद अब स्वास्थ्य विभाग राजनीतिक दलों से एंबुलेंस का शुल्क वसूल करने में जुट गया है। निर्वाचन आयोग ने प्रति एंबुलेंस टीम के लिए ढाई हजार रुपये का शुल्क निर्धारित कर रखा है।
झारखंड विधानसभा चुनाव-2019 के चाैथे चरण में धनबाद में 16 दिसंबर को मतदान हुआ था। लेकिन, सभी राजनीतिक दलों ने अब तक एंबुलेंस का शुल्क जमा नहीं किया है। इसके बाद नोटिस जारी किया जा रहा है।इसकी सूचना पाकर धनबाद जिला भाजपा के महामंत्मरी संजय झा गुरुवार को सिविल सर्जन कार्यालय पहुंचे और ढाई-ढाई हजार रुपये का दो चेक साैंपा। भाजपा ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास के लिए दो एंबुलेंस की सेवा ली थी। इसलिए भाजपा को 5 हजार रुपए चुकाने पड़े।
झामुमो-लोजपा नेताओं से स्वास्थ्य विभाग परेशान
सबसे दिलचस्प मामला झारखंड मुक्ति मोर्चा और लोजपा को लेकर हो गया है। झामुमो के जिस नेता ने एंबुलेंस के लिए स्वास्थ विभाग में आवेदन दिया था उस नेता का पता स्वास्थ विभाग को नहीं चल रहा है। इस कारण स्वास्थ्य विभाग को नोटिस देने में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यही समस्या लोजपा के साथ भी हो गई है। पुटकी में लोजपा सुप्रीमो चिराग पासवान के आने के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने एंबुलेंस भेजा था। लोजपा के किस नेता ने एंबुलेंस के लिए आवेदन दिया था, उस नेता का भी कोई पता ट्रेस नहीं हो पा रहा है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग फिर से इन नेताओं का पता ट्रेस करने में जुटा है।
सबसे पहले कांग्रेस ने जमा किया पैसा
नोटिस आने के बाद सबसे पहले कांग्रेस की ओर से स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस सेवा के लिए पैसा जमा किया गया। झरिया में कांग्रेस नेता सचिन पायलट सहित अन्य नेताओं की सेवा में एंबुलेंस लगाया गया था।