बरवाअड्डा में जीटी रोड पर अनियंत्रित कार खड़े ट्रक से टकराई, चालक और सवार की माैत
धनबाद के बरवाअड्डा जोड़ा पीपल के नजदीक जीटी रोड पर गुरुवार को कार दुर्घटना में चालक और सवार की माैत हो गई। दोनों हजारीबाग से आ रहे थे। कार की रफ्तार तेज थी। टायर फट गया। अनियंत्रित कार ने खड़े ट्रक को पीछे से धक्का मार दिया।
जागरण संवाददाता, बरवाअड्डा। झारखंड के धनबाद जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर जीटी रोड पर गुरुवार सुबह हुए एक सड़क हादसे में कार चालक और उस सवार की माैत हो गई। मरने वाले दोनों हजारीबाग के नगमा के रहने वाले बताए जाते हैं। कार पर सवार होकर हजारीबाग की तरफ से धनबाद आ रहे थे। जोड़ा पीपल के पास कार का टायर फट गया। कार की रफ्तार काफी तेज थी। अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक के पीछे से टकरा गई। माैके पर ही कार चालक और उस पर सवार एक व्यक्ति की माैत हो गई।
मरने वाले हजारीबाग के नगमा के
हजारीबाग जिले के नगमा के रहने वाले 50 वर्षीय गिरधारी महतो मारुति कार से धनबाद आ रहे थे। महेंद्र कार चला रहा था। बरवाअड्डा जोड़ा पीपल के समीप जीटी रोड पर कार का टायर फट गया। कार की गति काफी तेज थी। वह अनियंत्रित होकर खड़े ट्रेक से टकरा गई। हादसा करीब 8: 30 बजे हुआ। टक्कर होते ही गिरधारी महतो कार से बाहर फेंका गए। जबकि चालक अंदर ही फंस गया। हादसा इतना जोरदार था कि कार का कचूमर निकल गया। माैके पर ही दोनों की मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के सहयोग से शव को भेजा गया एसएनएमएमसीएच
हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने बरवाअड्डा थाना की पुलिस की दी। पुलिस ने पहुंचकर कार में फंसे चालक को बाहर निकलवाया। उसकी माैत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच भिजवाया।
आधार कार्ड से हुई मृतकों की पहचान
हादसे के बाद आधार कार्ड के मृतकों की पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने मृतकों के स्वजनों को सूचना दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटा थी। तेज गति के कारण ही टायर बलास्ट होने पर कार अनियंत्रित हो गई। इसके बाद खड़े ट्रक से टकरा गई। जोरदार टक्कर हुआ। माैके ही चालक और उसमें सवार की माैत हो गई।