जोड़ाफाटक में अपनी ही राइफल से चली गोली, गनमैन की मौत; जांच में जुटी पुलिस Dhanbad News
गार्ड रूम में खुद की राइफल से गोली चलने के कारण गनमैन की मौत हो गई। मामले की जांच में जुटी पुलिस ने कहा कि ये आत्महत्या है या गलती से गोली चली है इसकी छानबीन की जा रही है।
धनबाद, जेएनएन। जोड़ाफाटक चंद्रा मार्केट के समीप सीएमएस इंफो सिस्टम लिमिटेड कंपनी के कार्यालय के गार्ड रूम में खुद की राइफल से गोली चलने के कारण बुधवार की शाम गनमैन मुरलीधर तिवारी (52 वर्ष) की मौत हो गई। गोली उनके सीने में लगी। पुलिस ने सीएमएस कंपनी के अधिकारियों से मौके पर पहुंच जानकारी ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया। इधर परिजनों ने पेमेंट के लिए प्रबंधन से विवाद के कारण तनाव में रहने की बात कही है।
धनसार के गांधी रोड महावीर स्थान निवासी मुरलीधर इस कंपनी में 10 साल से गार्ड-गनमैन का काम करते थे। बुधवार को उन्होंने कस्टोडियन रंजीत कुमार व कैश वैन चालक सुबोध कुमार दास के साथ जाकर कई प्रतिष्ठानों से रकम लेकर बैंकों में जमा कराई। कस्टोडियन रंजीत बैंक में ही रह गया। इसके बाद मुरलीधर चालक सुबोध के साथ कैशवैन से लगभग 3:40 बजे जोड़ाफाटक कार्यालय वापस पहुंचा और गार्डरूम में चला गया।
इसके बाद 3:55 बजे पर अचानक गोली चलने की आवाज आई। कंपनी में कार्यरत कर्मचारी आवाज सुन दौड़े तो देखा कि मुुुुरलीधर के सीने में गोली लगी है। वह खून सेे लथपथ है। राइफल भी पास में है। इसके बाद तुरंत धनसार पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस करे पड़ताल, कैसे चली गोली : मुरलीधर की पत्नी मीनू तिवारी, पुत्र रजनीश तिवारी, पुत्री काजल और रितु सूचना पाकर पहुंचे। उनकी आंखों के आंसू थम नहीं रहे थे। परिजनों का कहना था कि पेमेंट को लेकर अक्सर कंपनी में विवाद होता था। वह तनाव में रहते थे। उन्हें गोली कैसे लगी, इसकी वरीय अधिकारी जांच करें।
पुलिस ने लिए नमूने, जब्त की राइफल : पुलिस ने मुरलीधर के दोनों हाथ व पैरों को रुई से पोंछकर नमूना लिया है। छाती में जहां गोली लगी उस स्थान का भी नमूना लिया। ताकि बारूद के कणों की स्थिति से किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सके। पैर के दोनों मोजा व राइफल को जब्त कर लिया है।
55 मिनट बाद पहुंची एंबुलेंस : कर्मचारियों ने बताया कि मुरलीधर को गोली लगते ही पुलिस को 4:08 बजे व थाना प्रभारी भिखारी राम को 4:30 पर फोन पर सूचना दी। 4:00 बजे 108 नंबर एंबुलेंस को सूचना दी गई थी। पुलिस आधे घंटे के बाद मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी 4:45 व एंबुलेंस 4:55 पर पहुंची।
अस्पताल भेजा नहीं, कर दिया पोस्टमार्टम : कर्मियों का कहना है कि पुलिस को मुरलीधर को अस्पताल भेजना चाहिए था। बावजूद बिना अस्पताल भेजे ही पुलिस ने पंचनामा कर उसकी मौत की पुष्टि कर दी। घटना के साढ़े तीन घंटे बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेजा गया। धनसार थाना की एसआइ पूजा कुमारी घटना के आधा घंटे बाद ही पहुंच गई थी। लोगों का कहना है कि पुलिस को मुरलीधर को अस्पताल ले जाना चाहिए था। उसकी मौत की पुष्टि चिकित्सक से कराना चाहिए था।
जांच के लिए लैब भेजी जाएगी राइफल : धनसार थाना प्रभारी भिखारी राम ने कहा कि गोली इस राइफल से चली है या नहीं, मुरलीधर ने आत्महत्या की या गलती से गोली चली, सभी बिंदुओं पर छानबीन कर रहे हैं। राइफल को जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा।
कंपनी के साथ उनका कोई विवाद नहीं : इधर, शाखा प्रबंधक सर्वेश्वर कुमार ने कहा कि गोली चलने के दौरान हम कार्यालय में नहीं थे। कर्मियों ने फोन पर घटना की जानकारी दी। मुरलीधर की राइफल से गोली कैसे चली यह तो जांच का विषय है। कंपनी के साथ उनका कोई विवाद नहीं था।