Godda MP निशिकांत दुबे ने प्राइवेट अस्पताल में लगवाया कोरोना का टीका, ऐसा ही करने की सक्षम लोगों से की अपील
गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे ने सोमवार को कोरोना का टीका लगवाया। उन्होंने टीका दिल्ली के प्राइवेट अस्पताल में लगवाया। इसके लिए 250 रुपये का भुगतान किया। उन्होंने जनता से अपील की कि जो लोग सक्षम हैं उन्हें प्राइवेट अस्पताल में ही टीका लगवाना चाहिए।
गोड्डा, जेएनएन। कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण के दूसरे चरण का सोमवार को राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू हुआ। इस अभियान के तहत 60 साल से अधिक उम्र और 45 से अधिक उम्र के बीमार लोगों को टीका लगाया जा रहा है। इसके लिए जिलों में सदर अस्पताल और सभी सामुदायिक केंद्रों में व्यवस्था की गई है। इन सरकारी अस्पतालों में जाकर योग्य लाभुक फ्री में टीका लगवा रहे हैं। इसके साथ-साथ कुछ प्राइवेट अस्पतालों में भी टीका की व्यवस्था की गई। प्राइवेट अस्पतालों में टीका के लिए 250 रुपये शुल्क निर्धारित है। झारखंड के गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के सांसद निशिकांत दुबे ने सोमवार को दिल्ली के प्राइमस अस्पताल में टीका लगवाया।
आज ४५ साल से उपर व कोमोरबीड होने के कारण कोरोना का वैक्सीन दिल्ली के प्राइमस अस्पताल में लगाया ।#COVID19Vaccination pic.twitter.com/7wIPzNs7GP
— Dr Nishikant Dubey (@nishikant_dubey) March 1, 2021
सक्षम लोगों से सरकारी अस्पताल में टीका लेने की अपील
लोकसभा का सत्र में भाग लेने के लिए गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे दिल्ली में हैं। उन्होंने सोमवार को दिल्ली में ही टीका लिया। साथ ही ट्वीट कर लोगों से अपील की-मेरा आग्रह है कि जो लोग कोरोना के टीका के लिए कुछ पैसे खर्च सर सकते हैं वे प्राइवेट अस्पताल में ही टीका लगवाएं। सांसद होने के नाते सभी सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क मुझे यह सुविधा प्राप्त थी। लेकिन मैंने प्राइवेट अस्पताल में शुल्क सहित ही टीका लगाने का फैसला किया।
युद्ध के मैदान में कैसे सेनापति माननीय प्रधानमंत्री मोदी जी हमेशा सभी मोर्चों पर खुद आगे रहकर कैसे मुक़ाबला करते हैं यह उसका उदाहरण है ।पहले अपनी बारी का इंतज़ार,बारी आने के बाद अस्पताल जाकर टीकाकरण ।प्रधानमंत्री जी पहले भी टीका ले सकते थे,अपने आवास पर भी ले सकते थे।निःशब्द हूँ https://t.co/3HbWlZzjCR" rel="nofollow
— Dr Nishikant Dubey (@nishikant_dubey) March 1, 2021
ऐसा कर राज्य और केंद्र सरकार की कर सकते मदद
भाजपा सांसद दुबे ने सक्षम लोगों से प्राइवेट अस्पतालों में कोरोना का टीका लगवाने के लिए अपील के पीछे के उद्देश्य को स्पष्ट किया है। उन्होंने जागरण से बातचीत करते हुए कहा-यह टीका मात्र 250 रुपये में लग रहा है। यह कोई बड़ी राशि नहीं है। सक्षम लोगों को प्राइवेट अस्पताल में ही टीका लगवाना चाहिए। ऐसा कर हम केंद्र और राज्य सरकार की मदद कर सकते हैं। प्राइवेट अस्पताल में टीका लगवाने के लिए जो पैसा देंगे उसका कुछ हिस्सा केंद्र और राज्य सरकार के पास जाएगा। चूंकि क्रमिक रूप से देश के 130 करोड़ लोगों का टीकाकरण किया जाना है। यह एक बहुत बड़ा अभियान है। इसपर सरकार का बहुत खर्च हो रहा है। सक्षम लोग प्राइवेट अस्पताल में टीका लेकर मदद कर सकते हैं।