प्रेमी के साथ थाना पहुंची लड़की, अपहरण से किया इन्कार
नावागढ़ : मधुबन थाना क्षेत्र के बुदोरा कॉलोनी से हुआ 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के अपहरण मामल
नावागढ़ : मधुबन थाना क्षेत्र के बुदोरा कॉलोनी से हुआ 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के अपहरण मामले में नया मोड़ आ गया। लड़की आरोपित श्रीकांत रजवार के साथ मधुबन थाना पहुंची और अपने माता व पिता द्वारा लगाए गए अपहरण के आरोप को सिरे से खारिज कर दिया। लड़की ने पुलिस को बताया कि श्रीकांत रजवार के साथ उसका दो वर्ष से प्रेम-प्रसंग चल रहा है। हम दोनों ने धनबाद में नोटरी पब्लिक से शादी रचाई थी। यह मेरे घर वालों को नागवार गुजरा था। हमदोनों ने भागने का फैसला किया और दुर्गापुर के एक मंदिर में जाकर शादी रचा ली। इससे पूर्व में धनबाद एसएसपी, ग्रामीण एसपी, डीएसपी व मधुबन थाना को शादी होने की बात बताते हुए डाकघर से पत्र भेजा गया था। मेरी मां द्वारा अपहरण की लिखित शिकायत देकर कांड अंकित कराने की जानकारी मिली तो थाना पहुंची। लड़की ने नाबालिग होने से इन्कार करते हुए आधार कार्ड व पैन कार्ड पुलिस को दिखाया। इसमें उम्र 18 वर्ष दर्ज है। पुलिस ने आरोपित श्रीकांत रजवार को हिरासत में ले लिया। लड़की को डीएसपी के पास ले जाया गया। वहां पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में 164 के बयान कराने को भेजा गया पर वह नहीं हो सका। फिलहाल लड़की पुलिस की निगरानी में है।
इधर लड़की के माता-पिता को खबर मिली तो वे लोग भी थाना आए पर लड़की की मांग में ¨सदूर देख भड़क गए और बैरंग लौट गए। मालूम हो कि गत 15 सितंबर को बुदौरा कॉलोनी निवासी सह बीसीसीएल कर्मी की पत्नी ने वहीं के श्रीकांत रजवार, कमल किशोर व छोटू कुमार पर जबरन घर में घुस कर चाकू दिखाकर 15 वर्षीय पुत्री का अपहरण कर लेने की शिकायत की थी। मधुबन पुलिस ने रात में ही एक आरोपी छोटू कुमार को हिरासत में लिया।