Move to Jagran APP

Giridih Boy Kalam Ansari: कभी ट्रक के खलासी थे, आज इनके हाथ के हुनर से सजती-संवरती बालीवुड की बालाएं

Giridih Boy Kalam Ansari हमें शुरू से लोगों को सजाने संवारने का शौक था। इसलिए मेकअप मैन बनने का मकसद था। स्टूडियो में जाता था और यह काम सीखता था। डेेढ़ साल तक बिना किसी वेतन के काम किया। मेकअप के गुर सीखता रहा।

By MritunjayEdited By: Published: Mon, 01 Nov 2021 07:00 AM (IST)Updated: Mon, 01 Nov 2021 07:15 AM (IST)
Giridih Boy Kalam Ansari: कभी ट्रक के खलासी थे, आज इनके हाथ के हुनर से सजती-संवरती बालीवुड की बालाएं
कुंडली भाग्य की एक्ट्रेस सृष्टि अरोड़ा के साथ मेकअप आर्टिस्ट कलाम अंसारी ( फोटो साैजन्य)।

दिलीप सिन्हा, गिरिडीह। गिरिडीह जिला स्थित डुमरी प्रखंड के चीनो गांव के 26 वर्षीय कलाम अंसारी की आज अलग पहचान है। हो भी क्यों नहीं, अपनी मेहनत से उन्होंने माया नगरी मुंबई में खुद को स्थापित किया। वह आज मशहूर मेकअप मैन हैं। कई मशहूर कलाकारों का मेकअप कर रहे हैं। लोकप्रिय टीवी सीरियल कुंडली भाग्य की माहिरा, धीरज दुबर, टीवी सीरियल उड़ारिया की प्रियंका चौधरी, अंकित गुप्ता जैसे बड़े कलाकारों को कलाम ही सजाते संवारते हैं। प्रसिद्ध कामेडियन जानी लीवर को भी लुक दे चुके हैं। एक समय था, जब वे ट्रक में बतौर खलासी काम करते थे।

loksabha election banner

आठवीं तक पढ़ाई के बाद बन गया खलासी

कलाम कहते हैं कि हमारे परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। बचपन से ही पढ़ाई में मन नहीं लगता था। किसी प्रकार आठवीं तक पढ़ाई की। माया नगरी में काम करने का सपना था। सो, ट्रैक्टर व फिर ट्रक में खलासी बन गया। कुछ पैसा बचाया और मुंबई आया। हर कदम पर यहां दिक्कत हो रही थी। तब कुछ दिन एक कपड़े की फैक्ट्री में काम किया। मगर मन नहीं लगा तो लौट आया। बड़ा भाई आलम अंसारी गुस्सा था कि हम कुछ काम क्यों नहीं करते। रोज ताने सुनता था। तब फिर ट्रक में खलासी बन गया। पर मन में मायानगरी बसी थी। बस हौसला किया। बड़ा भाई मोइन अंसारी मुंबई में ही बतौर स्पाट ब्वाय का काम करता था। सात साल पहले की बात है। उसने हमें काफी अनुनय पर मुंबई बुला लिया। छह महीने दौड़भाग की। तब फिल्म लाइन में काम करने के लिए जरूरी कार्ड बन सका।

यूं सीखा हुनर

हमें शुरू से लोगों को सजाने संवारने का शौक था। इसलिए मेकअप मैन बनने का मकसद था। स्टूडियो में जाता था और यह काम सीखता था। डेेढ़ साल तक बिना किसी वेतन के काम किया। मेकअप के गुर सीखता रहा। खर्च कैसे चलता था आज भी सोचकर कलेजा कलपता है। कई दिन फाकाकशी में भी गुजरे। बड़ा भाई ही सहारा देता था। इसी बीच मेकअप मैन सुनील तांबे से परिचय हुआ। उन्होंने पता नहीं हममें क्या देखा कि इस कला की हर बारीकी सिखाने की ठान ली। फिल्मी कलाकारों का मेकअप कैसे होता है, यह बताया। तीन साल में काम में पारंगत हो गया तो उन्होंने नौकरी दे दी। साल भर यहां बतौर मेकअप मैन काम किया। 2018 में जीवन को दिशा मिल गई। स्टार प्लस के सीरियल कयामत की रात में काम मिला। वहां से मेकअप मैन के रूप में जो यात्रा शुरू की तो पीछे मुड़कर नहीं देखा। फिल्म स्टार अक्षय कुमार के वीडियो किसी और का हूं में भी काम किया।

हिम्मत न हारें, मेहनत और लगन दिलाती सफलता

बकौल कलाम, जिंदगी में बहुत संघर्ष किया। निचोड़ यह रहा कि जिस काम में आपका मन लगे, वही करें। हिम्मत न हारें। काम मेहनत और लगन से करें। सफलता आपका वरण करेगी। जिस काम में रुचि नहीं, कोई लाख दबाव दे, मगर उसे करके आप आगे नहीं बढ़ पाएंगे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.