Gandhi Jayanti 2020: कोयलांचल ने बापू व लाल बहादुर शास्त्री को किया नमन, गांधी सेवा सदन में सांसद-विधायक ने दी श्रद्धांजलि
Gandhi Jayanti 2020 शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के 151वीं जयंती है। इस मौके पर गांधी सेवा सदन में सांसद पीएन सिंह ने राष्ट्रपिता की प्रतिमा पर फूलमाला चढ़ाया और गांधी जी को नमन किया। इसके अलावा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी श्रद्धांजलि दी गई।
धनबाद, [सागर सिंह]। शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के 151वीं जयंती है। इस मौके पर धनबाद के सांसद पीएन सिंह गांधी सेवा सदन पहुंचे। सांसद ने यहां राष्ट्रपिता की प्रतिमा पर फूलमाला चढ़ाया और गांधी जी को नमन किया। इससे पहले धनबाद विधायक राज सिन्हा और झरिया विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने भी गांधी जयंती पर बापू को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके अलावा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी गांधी सेवा सदन में श्रद्धांजलि दी गई। आज लाल बहादुर शास्त्री की 116वीं जयंती है, इस मौके पर सभी ने उन्हें नमन किया।
धनबाद विधायक राज सिन्हा ने ट्वीट करके भी महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री को नमन किया। राज ने लिखा, "राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर शत-शत नमन।" एक अन्य ट्वीट में भाजपा विधायक ने लिखा, "जय जवान-जय किसान का नारा देने वाले भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर उन्हें कोटि कोटि नमन।"
झरिया विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने भी देश को दो विभूतियों को याद किया। कांग्रेस विधायक ने ट्वीट किया, "राष्ट्रपिता, विश्व को अहिंसा का मार्ग दिखाने वाले सच्चे सत्याग्रही बापू को कोटी कोटी नमन।" अपने दूसरे ट्वीट में उन्होंने लिखा, "जय जवान, जय किसान के नारे से प्रशासन की राष्ट्रवादी प्राथमिकताओं को रेखांकित करने वाले भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी को नमन।"
इसके अलावा धनबाद के गांधी चौक पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के 151वीं जयंती पर जिला प्रशासन की ओर से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इससे पहले यहां गांधी जी की प्रतिमा पर उपायुक्त उमा शंकर सिंह, कांग्रेस नेता व पूर्व मंत्री मन्नान मलिक समेत कई जनप्रतिनिधियों ने उन्हें श्रंद्धाजलि दी। इस मौके पर जिला प्रशासन और बीसीसीएल के अधिकारी भी उपस्थित थे।