सूर्याही पूजा में नाचे बाबूलाल मरांडी, नटवा कलाकार देखते रह गए; देखें Video
सिंदरी के भाजपा विधायक इंद्रजीत महतो के पहाड़पुर स्थित घर पर सूर्याही पूजा में शरीक होने के लिए बाबूलाल मरांडी पहुंचे थे। उनके स्वागत के लिए विधायक ने नटवा नाच के कलाकारों को बुलाया था। कलाकारों के साथ मरांडी ने थोड़ी देर कत नृत्य किया।
बलियापुर, जेएनएन। झारखंड विधानसभा में भाजपा विधायक दल के नेता पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी का धनबाद के बलियापुर में एक अलग की अंदाज देखने को मिला। वह नटवा नाच के कलाकारों की कला को देख खुद को रोक नहीं पाए। नटवा नाच मंडली के बीच पहुंच गए। एक कलाकार के हाथ से वाद्य यंत्र को लेकर दोनों हाथों में संभाल लिया। इसके बाद नटवा नाच करने लगे। यह देख भाजपा के नेता और कार्यकर्ताओं की खुशी का ठिकाना नहीं था। सिंदरी के विधायक इंद्रजीत महतो ने भी मरांडी के साथ कुछ देर तक नटवा नृत्य किया। पूर्व मुख्यमंत्री की हाैसला अफजाई से नटवा नाच के कलाकारों के चेहरे पर खुशी छा गई।
Babulal Marandi-Natawa Dance-Baliapur pic.twitter.com/CC94DYrsTQ
— mritunjay pathak (@mpathak009) February 19, 2021
सूर्याही पूजा में शरीक हुए भाजपा विधायक दल के नेता
दरअसल, सिंदरी के भाजपा विधायक इंद्रजीत महतो के पहाड़पुर स्थित घर पर बुधवार को सूर्याही पूजा में शरीक होने के लिए बाबूलाल मरांडी पहुंचे थे। उनके स्वागत के लिए विधायक ने नटवा नाच के कलाकारों को बुलाया था। पूर्व मुख्यमंत्री के पहुंचने पर उनके स्वागत में कलाकारों ने नृत्य किया। इस दाैरान कलाकारों का साथ देने के लिए थोड़ी देर तक पूर्व मुख्यमंत्री भी थिरके। इस माैके पर धनबाद महानगर भाजपा के वरीय उपाध्यक्ष संजय झा, ग्रामीण भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञान रंजन सिन्हा आदि उपस्थित थे।
खनिज संपदा लूट रहे सत्ता में बैठे लोग
बलियापुर पुहंचने पूर्व मुख्यमंत्री भाजपा के वरीय नेता बाबूलाल मरांडी ने सूर्याही पूजा में शरीक होने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधा। सरकार की तीखी आलोचना करते हुए कहा कि राज्य सरकार माफियागिरी पर उतर आई है। राज्य के सत्ता में बैठे लोग बालू, लोहा, कोयला आदि खनिज संपदाओं को लूटने में लगे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर सीएनटी एक्ट का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन के बारे में कहा कि वहां किसान नहीं बल्कि विपक्षी दलों के नेता अपनी राजनीतिक दुकानदारी चला रहे हैं। बंगाल विधानसभा चुनाव पर उन्होंने दावे के साथ कहा कि इस बार बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी।