हेमंत के विधानसभा क्षेत्र में पहुंच रघुवर ने झारखंड सरकार पर साधा निशाना, बोले-आबुआ राज धोखा, एक परिवार का शासन
राज्य में बालू पत्थर कोयला सहित अन्य खनिज संसाधनों की लूट मची हुई है। लूट में सत्ताधारी गठबंधन के सभी लोग शामिल हैं। तीन माह से वृद्धों को पेंशन नहीं मिली है। आपके अधिकार आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है
जागरण संवाददाता, साहिबगंज : भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झामुमो-कांग्रेस की सरकार विफल साबित हुई है। विगत दो साल में सरकार आम जनता के हित में कोई काम नहीं कर सकी। एक किलोमीटर भी नई सड़क की स्वीकृति नहीं मिली। पिछली सरकार में जिन सड़कों की स्वीकृति मिली थी अब तक उसी पर काम हो रहा है। रघुवर रविवार को बरहेट के हाटपाड़ा मैदान में आयोजित जन चौपाल में लोगों को संबोधित कर रहे थे। बरहेट मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का विधानसभा क्षेत्र है।
सत्ता में बैठे लोग झारखंड में मचा दी लूट
रघुवर ने कहा कि राज्य में बालू, पत्थर, कोयला सहित अन्य खनिज संसाधनों की लूट मची हुई है। लूट में सत्ताधारी गठबंधन के सभी लोग शामिल हैं। सूबे की स्थिति काफी दयनीय हो गई है। तीन माह से वृद्धों को पेंशन नहीं मिली है। आपके अधिकार, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है लेकिन लेकिन सैकड़ों लोग अब भी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। ऐसे में आप अंदाजा लगा सकते हैं कि सरकार क्या कर रही है। कहा कि झामुमो के लोगों ने आबुआ राज का सपना लोगों को दिखाया था लेकिन यहां सिर्फ एक परिवार का राज चल रहा है। कहा कि पार्टी कार्यकर्ता आदिवासियों के हित में चलायी जा रही योजनाओं की मानीटरिंग करें। कहीं गड़बड़ी हो रही है तो आवाज उठाएं। पूर्व मुख्यमंत्री निर्धारित समय से करीब दो घंटे विलंब से बरहेट पहुंचे। यहां भोगनाडीह में सिदो कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा उनके स्वजनों से मुलाकात की। इसके बाद बरहेट हाटपाड़ा स्थित मैदान पहुंचे जहां जन चौपाल का आयोजन किया गया।
विधायक अनंत ने पूर्व मुख्यमंत्री का किया स्वागत
इस मौके पर राजमहल विधायक अनंत ओझा, पूर्व प्रत्याशी सिमोन मालतो, जिला प्रभारी राजेश झा, अल्पसंख्यक मोर्चा की राष्ट्रीय मंत्री मिस्फिका हसन, दुमका जिला अध्यक्ष पारितोष सोरेन, रामानंद साह, महामंत्री कार्तिक साह, बाबूधन मुर्मू, सलखू सोरेन, होपना टुडू आदि मौजूद थे। अनंत ओझा सहित तमाम बड़े नेताओं ने साहिबगंज की सीमा पर पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री का स्वागत किया।