क्यारियों की तरह डिवाइडर बीच खिलेंगे फूल, Mayor-DC ने शुरू किया पाैधरोपण अभियान Dhanbad News
पुटकी से मेमको मोड़ तक एक लाख पौधे रोपे जाएंगे। कुल 35 किलोमीटर क्षेत्र में पौधारोपण किया जाना है। ऐसे पौधे लगाए जा रहे हैं जिन्हें जानवर नुकसान ना पहुंचा सकें।
धनबाद, जेएनएन। जल शक्ति अभियान के तहत गुरुवार को शहर की सड़कों पर बने डिवाइडर में पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, उपायुक्त अमित कुमार, उप विकास आयुक्त शशि रंजन आदि ने अपने हाथों से पाैधे लगाए। पौधारोपण के साथ-साथ गमला भी लगाया गया। इस अभियान में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने भी भाग लिया।
पाैधारोपण कार्यक्रम की शुरुआत सुबह नौ बजे से मेमको मोड़ से हुई। मेमको मोड़ से सिटी सेंटर, गोल बिल्डिंग से रणधीर वर्मा चौक, मटकुरिया से पुटकी, बैंक मोड़ से कतरास मोड़, सिटी सेंटर चौक से बैंक मोड़ वाया पूजा टॉकिज, गोल बिल्डिंग चौक से गोविंदपुर चौक और किसान चौक से गोविंदपुर चौक तक सड़क पर बने डिवाइडर के बीच पौधे रोपे जाएंगे।
नगर निगम के सिटी मैनेजर विजय कुमार ने बताया कि पुटकी से मेमको मोड़ तक एक लाख पौधे रोपे जाएंगे। कुल 35 किलोमीटर क्षेत्र में पौधारोपण किया जाएगा। इस दौरान ऐसे पौधे लगाए जाएंगे, जिन्हें जानवर नुकसान ना पहुंचा सकें। रोपे जाने वाले पौधों में कनेल, करोबी, टी कुमारी, जोबा (उडड़़ूल), क्रोटन आदि शामिल हैं।