Judo: झरिया के पांच खिलाड़ियों ने जूडो स्टेट चैंपियनशिप में लहराया परचम, एसएसपी ने की हाैसला अफजाई
Jharkhand State Junior Judo Championship एसएसपी संजीव कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में खेल बहुत महत्वपूर्ण है। सभी खिलाडियों से यह कहना चाहूंगा कि इसी तरह सभी खेल में आगे बढ़ते रहें। खेलों की दुनिया में भी अपना भविष्य उज्जवल करें।
जासं, झरिया। मार्शल आर्ट क्लब झरिया के खिलाडियों ने झारखंड राज्य जूडो सब जूनियर एवं केडेट चैंपियनशिप में पदक हासिल कर परचम लहराया है। झरिया का मान बढ़ाया है। क्लब के प्रशिक्षक अमित साव ने कहा कि झरिया से पांच खिलाड़ियों ने स्टेट जूडो चैंपियनशिप में भाग लिया था। पांच खिलाड़ियों ने पदक पर अपना कब्जा जमाया। इस प्रतियोगिता में राज्य से तीन सौ खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया था। झरिया के सब जूनियर वर्ग में देव कुमार वर्मा को कांस्य पदक, सौरभ कुमार साव को कांस्य पदक, अभय कुमार को कांस्य पदक, केडेट के हैवीवेट में सोनल कुमारी को रजत पदक एवं राजकुमार (109) केजी वर्ग में भी रजत पदक हासिल किए।
जूडो सब जूनियर के विजेता खिलाड़ियों का धनबाद के एसएसपी संजीव कुमार ने हाैसला अफजाई की। धनबाद के एसएसपी संजीव कुमार, डीएसपी अमर कुमार पांडेय व धनबाद के पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने सभी खिलाड़ियों को पदक देकर सम्मानित किया। एसएसपी ने कहा कि वर्तमान समय में खेल बहुत महत्वपूर्ण है। सभी खिलाडियों से यह कहना चाहूंगा कि इसी तरह सभी खेल में आगे बढ़ते रहें। खेलों की दुनिया में भी अपना भविष्य उज्जवल करें।
जूडो संघ के महासचिव पप्पू कुमार सिंह, पेफी झारखंड के महासचिव आलोक चौधरी, मार्शल आर्ट के वरिष्ठ प्रशिक्षक महेंद्र प्रताप सिंह, वुशू संघ धनबाद जिला के महासचिव शशिकांत पांडेय ने कोच अमित साव को बधाई दी। कहा कि मार्शल आर्ट क्लब झरिया के खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। इससे झरिया धनबाद का नाम पूरे राज्य और एवं राष्ट्र में रोशन हो रहा है।