यूपी के बाद अब एमपी के लिए बोकारो से Oxygen Express का परिचालन शुरू, भोपाल गई पहली ऑक्सीजन एक्सप्रेस
बोकारो स्टील प्लांट से यूपी मध्य प्रदेश बिहार झारखंड छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल में मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा रही है। पहले रोड के माध्यम से सप्लाई की जाती थी। अब ऑक्सीजन एक्सप्रेस चलाई जा रही है। पहले यूपी और अब एमपी के लिए आक्सीजन एक्सप्रेस चल रही हैं।
बोकारो, जेएनएन। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ऑक्सीजन संकट को दूर करने के लिए बोकारो से ऑक्सीजन एक्सप्रेस का परिचालन जारी है। अब मध्य प्रदेश के लिए भी बोकारो से मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति ऑक्सीजन एक्सप्रेस के माध्यम से शुरू कर दी गई है। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने पिछले दिनों ट्वीट कर बोकारो से मध्य प्रदेश के लिए आक्सीजन एक्सप्रेस चलाने की जानकारी दी थी। मंगलवार सुबह बोकारो स्टील प्लांट से मध्य प्रदेश के भोपाल के लिए पहली ऑक्सीजन एक्सप्रेस खुली। यह बुधवार सुबह तक भोपाल पहुंच जाएगी।
ऑक्सीजन की आपूर्ति मध्यप्रदेश में लगातार जारी है। ऑक्सीजन एक्सप्रेस आज सुबह 6 बजे बोकारो से रवाना हुई है। ऑक्सीजन एक्सप्रेस में ऑक्सीजन के 6 टैंकर मध्यप्रदेश आएंगे। आज रात 2 टैंकर जबलपुर और कल सुबह 4 टैंकर मंडीदीप पहुचेंगे। pic.twitter.com/whTQ6CkDFC
— Office of Shivraj (@OfficeofSSC) April 27, 2021
जबलपुर में दो और मंडीदीप में जाएंगे 4 टैंकर ऑक्सीजन
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चाैहान ने ट्वीट कर कहा है कि बुधवार सुबह तक ऑक्सीजन एक्सप्रेस से भोपाल पहुंच जाएगी। उन्होंने लिखा है-आक्सीजन की आपूर्ति मध्य प्रदेश में लगातार जारी है। ऑक्सीजन एक्सप्रेस आज सुबह 6 बजे बोकारो से रवाना हुई। ऑक्सीजन एक्सप्रेस से ऑक्सीजन के 6 टैंकर मध्य प्रदेश आएंगे।
23 अप्रैल को पहली बार बोकारो स्टील प्लांट से चली ऑक्सीजन एक्सप्रेस
यूं तो बोकारो स्टील प्लांट से देश के विभिन्न राज्यों में सड़क मार्ग से मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति होती रही है। लेकिन कोरोना महामारी के दाैरान ऑक्सीजन संकट को दूर करने के लिए रेलवे के साथ मिलकर ऑक्सीजन एक्सप्रेस चलाई जा रही है। 23 अप्रैल को बोकारो स्टील प्लांट से यूपी के लखनऊ के लिए पहली ऑक्सीजन एक्सप्रेस चली थी। इसके बाद हर रोज यूपी के लिए ऑक्सीजन एक्सप्रेस खुल रही है। अब मध्य प्रदेश के लिए भी ऑक्सीजन एक्सप्रेस का परिचालन शुरू हो गया है।