वासेपुर गैंग के शेरू की हालत गंभीर, शाही दरबार के मालिक समेत पांच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज Dhanbad News
शेरू खान की पिटाई के बाद उसके शरीर से अत्यधिक रक्तस्राव व सिर पर गंभीर चोट होने कारण उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
धनसार, जेएनएन। बरमसिया शनि मंदिर के पास कई मामलों के वांछित शेरू खान की बुधवार की रात पिटाई कर जख्मी करने के मामले में उसके बड़े भाई फेकू खान ने शाही दरबार के मालिक सहित पांच नामजद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। इधर दुर्गापुर मिशन अस्पताल में शेरू स्थिति गंभीर बनी हुई है। धनसार पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दो टीम बनाकर छापेमारी कर रही है।
बयान में फेकू ने कहा कि शेरू अपने घर मदीना नगर वासेपुर से पत्नी को सब्जी लाने की बात कहकर बुधवार की शाम चार बजे निकला था। करीब सात बजे उसके दोस्तों से सूचना मिली कि शेरू शनि मंदिर बरमसिया के पास जख्मी हालत में पड़ा है। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से शेरू को इलाज के लिए पीएमसीएच ले गए। फेकू के अनुसार उसे शेरू ने बताया कि वह बाइक से बरमसिया गया था। वहां पूर्व से हथियार से लैस होकर घात लगाए बरमसिया हरिबोल मंदिर निवासी अमित कुमार गुप्ता, हरिनारायण कॉलोनी बरमसिया के राजेश यादव, दुहाटांड़ के जग्गू पासवान, गजुवाटांड़ के ङ्क्षरकू खान व शाही दरबार के मालिक साहेब सहित चार अज्ञात लोगों ने रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। पिस्टल से गोली भी चलाई। अमित ने लोहे के रॉड से मेरे सिर पर मारा। इससे शेरू जख्मी होकर बेहोश होकर गिर पड़ा।
अधिक रक्तस्राव से शेरू की हालत गंभीर : शेरू खान की पिटाई के बाद उसके शरीर से अत्यधिक रक्तस्राव व सिर पर गंभीर चोट होने कारण उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। फर्द बयान लेने पहुंची धनसार पुलिस को मिशन अस्पताल के चिकित्सकों ने शेरू की स्थिति के बारे में बताया। इस कारण शेरू का फर्द बयान नहीं लिया जा सका। अंतत: उसके भाई फेकू खान से फर्द बयान लेना पड़ा।
जुआ अड्डा के संचालन को लेकर हुई घटना : धनसार थाना क्षेत्र के दुहाटांड़ में धनसार पुलिस की मिलीभगत से जुआ का संचालन चार माह से किया जा रहा था। यहां कई बार मारपीट की घटनाएं हुई है। बावजूद इसके पुलिस ने इसकी सुधि नहीं ली। डेढ़ माह पूर्व एक युवक ने 100 नंबर पर डायल कर जुआ अड्डा बंद कराने की मांग की थी। उस युवक की धनसार पुलिस ने काफी फजीहत की थी। इसके बाद स्थानीय लोग जुआ अड्डा के खिलाफ बोलना ही बंद कर दिया। जुआ अड्डा में नाल को लेकर पार्टनरों में विवाद बढऩे लगा। इस कारण यह घटना घटी। अगर समय रहते धनसार पुलिस जुआ बंद करा देती तो यह घटना नहीं घटती।