पूर्वी टुंडी के चेपकिया पैक्स में धान खरीद नहीं होने पर हंगामा
पूर्वी टुंडी पूर्वी टुंडी प्रखंड के धान अधिप्राप्ति केंद्र में धान नहीं खरीदने से किसान परेशान
पूर्वी टुंडी : पूर्वी टुंडी प्रखंड के धान अधिप्राप्ति केंद्र में धान नहीं खरीदने से किसान परेशान हैं। किसानों के पास धान देने का मैसेज नहीं आ रहा है। इस कारण किसान धान नहीं बेच पा रहे हैं। बुधवार को शंकरडीह स्थित धान अधिप्राप्ति केंद्र में पहुंचे कुछ किसानों ने हंगामा भी किया।
लटानी पैक्स प्रबंधक दिलीप मंडल ने बताया कि पहले केवल लटानी पैक्स में ही धान अधिप्राप्ति केंद्र होता था और पूरे प्रखंड के किसान यहीं धान देते थे। इस वर्ष किसानों की सुविधा के लिए चेपकिया पैक्स में केंद्र बनाया गया। हालांकि, अभी तक वहां धान खरीदारी शुरू नहीं हुई है। क्षेत्र का बंटवारा कर दिए जाने के कारण चेपकिया पैक्स के अधीन आनेवाले किसानों तक धान देने का मैसेज नहीं जा पा रहा है। मैसेज भेजने की प्रक्रिया के पूर्व ही दर्जनों किसानों ने लटानी पैक्स में धान दे दिया है। मैसेज नहीं जाने के कारण उनका धान स्वीकृति नहीं हुआ है। ऐसे में उनकी राशि भुगतान की प्रक्रिया लटकी हुई है। इस समस्या को लेकर बुधवार को आधा दर्जन किसान शंकरडीह के धान अधिप्राप्ति केंद्र पहुंचे और पैक्स प्रबंधक दिलीप मंडल से समाधान करने की मांग की। समाधान नहीं होने पर धान अधिप्राप्ति केंद्र में तालाबंदी करने की चेतावनी दी।
प्रखंड सहकारी अधिकारी नेस्तौर बाड़ा ने बताया कि चेपकिया पैक्स में खरीदारी के लिए आवश्यक सामग्री जिला से उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण धान खरीदारी शुरू नहीं हो सकी है। इस कारण किसानों को परेशानी हो रही है। 15 जनवरी तक चेपकिया केंद्र में भी धान क्रय शुरू करा दिया जाएगा।