एक मंच पर आए पूर्व मंत्री जलेश्वर और मथुरा, मिलकर माफिया को खदेड़ेंगे Dhanbad News
जलेश्वर ने कहा कि झारखंड की सरकार गरीब विरोधी है। क्षेत्र संख्या एक से लेकर बारह में करीब चालीस हजार असंगठित मजदूर रोजगार के लिए दूसरे प्रांतों में पलायन कर गए हैं।
तेतुलमारी, जेएनएन। बीसीसीएल के तेतुलमारी कोल डंप को चालू कराने के लिए पूर्व मंत्री मथुरा महतो और जलेश्वर महतो एक मंच पर आ गए हैं। दोनों ने एक साथ असंगठित मजदूरों की सभा की। मथुरा झामुमो नेता हैं तो जलेश्वर कांग्रेसी। जलेश्वर महतो ने कहा कि कोयला की ढुलाई करने वाले मजदूरों की मांग जायज है। मजदूर एकता बनाए रखें। आंदोलन करते रहें। यहां से माफिया को खदेड़ा जाएगा।
मंगलवार को तेतुलमारी में सभा को संबोधित करते हुए जलेश्वर ने कहा कि झारखंड की सरकार गरीब विरोधी है। क्षेत्र संख्या एक से लेकर बारह में करीब चालीस हजार असंगठित मजदूर रोजगार के लिए दूसरे प्रांतों में पलायन कर गए हैं। सभा के दौरान मजदूर नेता अशोक ठाकुर ने जानकारी दी थी कि रैयतों की आड़ में छह जून को विधायक समर्थकों ने उपद्रव मचाया था। पुलिस ने ग्यारह बाइक को जब्त किया था। फिर बाइक मालिकों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसी मसले का उल्लेख करते हुए जलेश्वर महतो ने कहा कि अगर पुलिस ने एक्शन नहीं लिया तो मजदूरों के साथ थाना का घेराव किया जाएगा। अगले चरण में रणधीर वर्मा चौक पर धरना दिया जाएगा।
बीसीसीएल प्रबंधन चाहे तो जमीन का तुरंत समाधानः पूर्व मंत्री मथुरा महतो ने कहा कि बीसीसीएल प्रबंधन वह चाहे तो समस्या का समाधान तुरंत निकाल सकता है। जमीन के सारे कागजात कंपनी के पास है। प्रबंधन चाहे तो तुरंत समाधान निकल जाएगा। अब लड़ाई प्रबंधन के साथ होगी। अगर कंपनी नहीं मानी तो उसके खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
सभा की अध्यक्षता कामू प्रसाद तथा संचालन पूर्व मुखिया किशोरी प्रसाद ने किया। इसमें देव कुमारी देवी, मनोज निषाद, राम पदारथ राम, फेकू निषाद अमोला देवी, मंजू देवी, चमेली देवी, मैना देवी, बैजनाथ ङ्क्षसह, सुरेंद्र निषाद, अजीत यादव, संजय पाल, सुधीर वर्मा आदि मौजूद थे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप