पूर्व भाजपा विधायक कुंती ने मांगा लोकसभा का टिकट, नहीं मिला तो बेटे का करेगी प्रचार
पूर्व विधायक कुंती सिंह ने कहा बेटे सिद्धार्थ गौतम से कहा है कि अपने सांसद पीएन सिंह का विरोध मत करो। कोई बाहरी प्रत्याशी दिया जाता है तो उसका विरोध किया जाएगा।
धनबाद, जेएनएन। झारखंड प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य झरिया की पूर्व विधायक कुंती देवी ने सिद्धार्थ गौतम के भाजपा में शामिल होने की संभावना जताई है। मेरा परिवार भाजपा परिवार अभियान के तहत सिंह मैंशन में भाजपा का ध्वज लगाने के दौरान उन्होंने यह बात दैनिक जागरण संवाददाता से बातचीत में कही। प्रस्तुत हैं बातचीत के अंश-
आपके भाजपा में रहते सिद्धार्थ गौतम पार्टी के खिलाफ लोकसभा चुनाव लडऩा चाहते हैं?
- लोकतंत्र में सभी चुनाव लडऩे को स्वतंत्र है। सिद्धार्थ गौतम भी लडऩा चाहते हैं तो लड़ें। भाजपा यदि टिकट दे दे तो हमारा भी वादा है कि हम सीट निकालकर दिखा देंगे।
सिद्धार्थ के चुनाव लडऩे पर भाजपा का प्रचार करेंगी?
- भाजपा का प्रचार तो करेंगे ही लेकिन मां तो मां होती है। पुत्र की भी बात माननी पड़ेगी।
विधानसभा चुनाव में झरिया सीट से इस बार कौन प्रत्याशी होगा?
- संजीव सिंह झरिया के विधायक हैं और वही रहेंगे। हम यह सीट छोड़ेंगे नहीं।
तब तक अदालत का फैसला भी तो आ जाएगा?
- जब फैसला आएगा तब देखा जाएगा। अभी से हम उस बारे में क्यों सोचें? हमें ऊपरवाला पर भरोसा है। जो फैसला आएगा अच्छा ही आएगा।
विपरीत परिस्थिति में आप फिर चुनाव लड़ेंगी?
- ज्यादा दौड़ धूप अब नहीं कर सकती। स्वास्थ्य ठीक हो जाए तो देखेंगे। बच्चे जब सक्रिय हो गए हैं तो हम लोगों को चुनाव लडऩे की क्या जरूरत है।
हमने कहा था अपने सांसद का विरोध मत करो, अब पार्टी विचार करे : पूर्व विधायक ने भाजपा का झंडा लगाने के बाद जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह से बातचीत में कहा कि उन्होंने सिद्धार्थ गौतम से कहा था कि अपने सांसद पीएन सिंह का विरोध मत करो। कोई बाहरी प्रत्याशी दिया जाता है तो उसका विरोध किया जाएगा। यहां काबिल लोगों की कमी है क्या? अब ऐसी परिस्थिति बन गई है तो पार्टी को भी सोचना चाहिए। हमने अपना काम कर दिया।
सिंह मैंशन पर फहराया भाजपा का झंडाः मेरा परिवार भाजपा परिवार अभियान के तहत बुधवार को सिंह मैंशन पर भाजपा का झंडा फहराया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने पूर्व विधायक कुंती देवी को भाजपा का झंडा थमाया। उन्होंने सिंह मैंशन के मुख्य द्वार पर स्टीकर भी चिपकाया। अभियान के तहत सांसद, धनबाद विधायक, मेयर सहित तमाम भाजपा कार्यकर्ताओं के घर पहले ही ध्वज फहराया जा चुका है। इस दौरान नितिन भïट्ट, मानस प्रसून, स्वरूप भïट्टाचार्य, झरिया विधायक प्रतिनिधि अखिलेश सिंह, उपेंद्र विश्वकर्मा, दिलीप भारती, उमेश यादव, राणा मनीष सिंह आदि थे।