Jharkhand: 2024 तक हर घर को मिलेगा नल का जल, मंत्री ने कहा-4000 करोड़ की योजना पर चल रहा काम
Water crisis in Dhanbad हर घर नल का जल पहुंचाया जाएगा। इसके लिए 2024 तक की समय सीमा में कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। 2024 तक कोई भी परिवार नल के जल से दूर नही रहेगा।
धनबाद, जेएनएन। Water crisis in Dhanbad झारखंड सरकार 2024 तक हर घर को नल का जल देने की योजना पर काम कर रही है। इसके लिए 4000 करोड़ रुपये की योजना बनाई गई है। इसे अमलीजामा पहनाने के लिए तेजी से जमीनीस्तर पर काम हो रहा है। सरकारी की पूरी कोशिश समय-सीमा में योजना को पूरा करने पर है। यह जानकारी झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने झामुमो व्यावसायिक प्रकोष्ठ के केंद्रीय अध्यक्ष अमितेश सहाय को दी है।
धनबाद कोयलांचल में व्याप्त जल संकट को लेकर मंगलवार को सहाय ने रांची में विभागीय मंत्री से मुलाकात की।इस दाैरान सहाय ने कोयलांचल में व्याप्त जल समस्या से अवगत कराया। उन्होंने कोयलांचल में जल की लूट और किल्लत पर मंत्री से विशेष चर्चा की। इस पर मंत्री ने कहा कि सरकार ने पूरे झारखंड में जल संकट दूर करने के लिए 4000 करोड़ रुपये की योजना बनाई हैं। एसओपी क्लीयरेंस के बाद इसकी निविदा निकाली जाएगी। इससे पूरे झारखंड के साथ कोयलांचल की जल समस्या को दूर कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस राशि से हर घर नल का जल पहुंचाया जाएगा। इसके लिए 2024 तक की समय सीमा में कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। 2024 तक कोई भी परिवार नल के जल से दूर नही रहेगा।