Sahibganj: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधानसभा क्षेत्र बरहेट के 86 गांवों को अब भी बिजली का इंतजार
चिराग तले अंधेरा... विद्युतीकरण कंपनियों को एक साल का समय दिया गया है। अब दिसंबर 21 तक काम पूरा करना है। साहिबगंज में विद्युतीकरण की रफ्तार काफी धीमी है। पिछले दिनों समीक्षा बैठक के दौरान उपायुक्त रामनिवास यादव ने बिजली विभाग के अधिकारियों को इसमें तेजी लाने का निर्देश दिया।
जागरण संवाददाता, साहिबगंज। झारखंड के साहिबगंज जिले के कुल 216 गांव व टोले आज भी विद्युतीकरण से वंचित हैं। यहां के लोग आज भी लालटेन युग में जी रहे हैं। शाम होते ही इन गांवों में अंधेरा छा जाता है। मोबाइल चार्ज कराने के लिए बगल के गांव में जाना पड़ता है जहां उसकी कीमत चुकानी पड़ती है। वैसे कुछ लोगों ने मोबाइल चार्ज कराने के लिए सोलर प्लेट लगा लिया है। दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के तहत सभी छूटे गांवों का विद्युतीकरण करना था। इस योजना की शुरूआत कई साल पूर्व हुई। इसके तहत 1383 गांवों का विद्युतीकरण दिसंबर 20 तक कर देना था। लेकिन कोरोना की वजह से मामला अटक गया। अब तब 1167 गांवों का ही विद्युतीकरण कार्य पूर्ण हो सका है। शेष कार्य पूरा करने के लिए कंपनियों को एक साल का समय दिया गया है। अब दिसंबर 21 तक काम पूरा करना है।
सबसे ज्यादा अंधेरे में बरहेट के गांव, यहां के विधायक हैं झाखंड के मुख्यमंत्री
झारखंड की राजनीति में साहिबगंज का खास स्थान है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन साहिबगंज जिले के बरहेट विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। वह पहली बार 2014 के विधानसभा चुनाव में बरहेट से विधायक बने। 2019 के विधानसभा चुनाव में दूसरी बार विधायक बन झारखंड के मुख्यमंत्री बने। हेमंत सोरेन के पास ही बिजली विभाग भी है। इसके बावजूद बरहेट के 86 गांवों में अब तक बिजली नहीं पहुंची है।
उपायुक्त ने दिया जल्द विद्युतीकरण का निर्देश
साहिबगंज में विद्युतीकरण की रफ्तार काफी धीमी है। पिछले दिनों समीक्षा बैठक के दौरान उपायुक्त रामनिवास यादव ने बिजली विभाग के अधिकारियों को इसमें तेजी लाने का निर्देश दिया। विद्युतीकरण कार्य में तीन कंपनियों को लगाया गया है। इनमें जैक्सन, विल्सन और पेस पावर शामिल हैं। विद्युतीकरण से वंचित 216 गांवों में सर्वाधिक 86 बरहेट के हैं। साहिबगंज व पतना के सभी गांवों का विद्युतीकरण हो चुका है।
- किस प्रखंड में कितना पेंडिंग
- प्रखंड पेंडिंग पूर्ण
- साहिबगंज 00 23
- तालझारी 13 159
- बोरियो 47 225
- राजमहल 25 95
- उधवा 07 82
- बरहड़वा 06 188
- बरहेट 86 130
- मंडरो 32 145
- पतना 00 120
कोरोना की वजह से विद्युतीकरण का काम प्रभावित हुआ है। कंपनियों को कार्य पूरा करने के लिए एक साल का समय दिया गया है। दिसंबर 2021 तक काम हर हाल में पूरा करने को कहा गया है।
-राजकुमार, कार्यपालक अभियंता, बिजली विभाग, साहिबगंज