Dumka By-election: उपचुनाव के प्रचार में एक जंग कोरोना से भी, शारीरिक दूरी का अनुपालन नहीं करने पर फंसे भाजपा-झामुमो प्रत्याशी
दुमका विधानसभा उपचुनाव पर सबकी नजर है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा दुमका सीट छोड़े जाने के कारण उपचुनाव हो रहा है। यहां मुख्यमंत्री के भाई बसंत सोरेन झामुमो प्रत्याशी हैं। दूसरी तरफ भाजपा प्रत्याशी डॉ. लुइस मरांडी उन्हें कड़ी टक्कर दे रही है।
धनबाद, जेएनएन। झारखंड के दुमका और बेरमो विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रचार चरम पर है। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में 3 नवंबर को मतदान होना है। प्रचार के दाैरान प्रत्याशियों को तरह-तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस दाैरान एक बड़ी परेशानी कोरोना भी है। कोरोना महामारी के बीच चुनाव प्रचार करना एक अलग ही जंग है। भारत निर्वाचन आयोग ने भी कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए चुनाव प्रचार के लिए कुछ दिशा-निर्देश जारी कर रखा है। इसका अनुपालन नहीं करने पर प्रत्याशियों को खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।
दुमका विधानसभा उपचुनाव पर सबकी नजर है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा दुमका सीट छोड़े जाने के कारण उपचुनाव हो रहा है। यहां मुख्यमंत्री के भाई बसंत सोरेन झामुमो प्रत्याशी हैं। दूसरी तरफ भाजपा प्रत्याशी डॉ. लुइस मरांडी उन्हें कड़ी टक्कर दे रही है। दोनों को चुनाव प्रचार के दाैरान कोरोना के मद्देनजर जारी गाइडलाइन का सामना करना पड़ रहा है। इस दाैरान जाने-अनजाने में दोनों गाइडलाइन का उल्लंघन भी कर रहे हैं। इसे दुमका विधानसभा उपचुनाव के निर्वाचन पदाधिकारी दुमका एसडीएम महेश्वर महतो ने गंभीरता से लिया है।
दुमका के अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी महेश्वर महतो ने बुधवार को दुमका विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी डॉ. लुइस मरांडी एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रत्याशी बसंत सोरेन को कोविड-19 के नियमों का पालन नहीं किए जाने के कारण स्पष्टीकरण किया है। उन्होंने कहा है कि मीडिया द्वारा सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं कि प्रत्याशी एवं कार्यकर्ताओं द्वारा बिना मास्क लगाएं प्रचार-प्रसार किया जा रहा है जो कि कोविड-19 के नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल अपने सभाओं में कोविड-19 के नियमों का सख्ती से पालन करें अन्यथा उन पर डीएम एक्ट के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।