अचानक ईसीआर जीएम के पहुंचने से धनबाद डिवीजन में अफरातफरी, मंशा भांपने में जुटे रेल अधिकारी
रेल अधिकारियों के अनुसार महाप्रबंधक का धनबाद दौरा पाथरडीह में हो रहे यार्ड रिमाडलिंग और नई लाइन बिछाने को लेकर हो रहा है। धनबाद से आद्रा और जमशेदपुर को जोड़ने वाले पाथरडीह स्टेशन को नये सिरे से विकसित किया जा रहा है।
जागरण संवाददाता, धनबाद। पूर्व मध्य रेल महाप्रबंधन अनुपम शर्मा गुरुवार को अचानक धनबाद पहुंचे। धनबाद स्टेशन पर डीआरएम आशीष बंसल समेत अन्य अधिकारियों ने उनकी अगवानी की। स्टेशन से डीआरएम कार्यालय पहुंचे जहां अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। पिछले दिनों रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेल महाप्रबंधकों के साथ नई दिल्ली में समीक्षा बैठक कर रेल परियोजनाओं को गति देने का निर्देश दिया था। उन्होंने साफ दिया था कि इस वित्तीय वर्ष में बजट में जिन परियोजनाओं के लिए धनराशि स्वीकृत हुई है। उनके मिलने से कागजी प्रक्रियाएं पूरी कर लें ताकि अप्रैल से परियोजनाओं पर काम शुरू कर दिया जाए और समय पर उन्हें पूरा करने में अड़चन न आए। धनबाद रेल मंडल में भी कई बड़ी परियोजनाएं चल रही हैं। उन परियोजनाओं के लिए बजट में फंड भी स्वीकृत हुआ है। रेल जीएम परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ले रहे हैं।
श्री ए.एम.चौधरी, संरक्षा आयुक्त (रेलवे) द्वारा आज धनबाद मंडल में जारंगडीह-दानिया दोहरीकरण परियोजना के अंतर्गत नवदोहरीकृत 11 किमी लंबे दानिया एवं डुमरी बिहार स्टेशन के बीच निरीक्षण किया गया । साथ ही इस रेलखंड पर तीव्र गति से विशेष ट्रेन द्वारा सफलतापूर्वक स्पीड ट्रायल संपन्न हुआ। pic.twitter.com/8gf7nEm4Ja
— East Central Railway (@ECRlyHJP) February 23, 2022
रेल अधिकारियों के अनुसार, महाप्रबंधक का धनबाद दौरा पाथरडीह में हो रहे यार्ड रिमाडलिंग और नई लाइन बिछाने को लेकर हो रहा है। धनबाद से आद्रा और जमशेदपुर को जोड़ने वाले पाथरडीह स्टेशन को नये सिरे से विकसित किया जा रहा है। अंग्रेजों के जमाने में बने यार्ड का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। इससे पाथरडीह होकर और अधिक मालगाड़ियां चलाई जा सकेंगी। भविष्य में नई यात्री ट्रेनों को चलाने की भी संभावना तलाशी जा सकती है। पाथरडीह के पास सिंदरी ब्लाक हाल्ट से होकर नई लाइन बिछाने का काम भी राइट्स कर रही है। नई लाइन बन कर तैयार हो जाने से धनबाद से आद्रा और जमशेदपुर जानेवाली ट्रेनें बिना इंजन बदले ही चलाई जा सकेंगी। दूसरी ओर, प्रधानखंता से भोजुडीह तक सिंगल रेल लाइन वाले रेलखंड का दोहरीकरण भी प्रस्तावित है। इसके लिए सर्वे पूरा हो चुका है। बजट में फंड को भी स्वीकृति मिली है। कागजी प्रक्रिया को अमली जामा पहनाने की तैयारी शुरू हो गई है। जीएम निरीक्षण के दौरान इन तमाम परियोजनाओं से रूबरू होंगे। उनके साथ सीनियर डीसीएम अखिलेश पांडेय समेत अन्य विभागीय अधिकारी भी शामिल हैं।