Durga Puja 2020: कोरोना से बचाव के लिए संशोधित गाइडलाइन जारी, पूजा पंडालों में एक साथ 15 श्रद्धालु करेंगे माता के दर्शन
पूजा के दौरान लाउडस्पीकर बजाने की भी अनुमति दे दी गई है। अब सुबह सात बजे से रात नौ बजे तक पूजन स्थल पर मंत्र पाठ आरती आदि का सीधा प्रसारण लाउडस्पीकर से हो सकेगा। इसकी ध्वनि 55 डेसिबल से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।
धनबाद, जेएनएन। दुर्गा पूजा के दाैरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए धनबाद जिला प्रशासन तैयार है। इसके लिए संबंधित विभागों की तरफ से आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इस बीच झारखंड सरकार के के आपदा प्रबंधन प्रभाग ने दुर्गा पूजा को लेकर अपने एक अक्टूबर को जारी दिशा-निर्देश में दो संशोधन किए हैं। पहले पंडालों में पूजा समिति से जुड़े सात लोगों को ही एक साथ रहने की अनुमति थी। अब अधिकतम 15 श्रद्धालु मां भगवती के दर्शन कर सकेंगे।
पूजा के दौरान लाउडस्पीकर बजाने की भी अनुमति दे दी गई है। अब सुबह सात बजे से रात नौ बजे तक पूजन स्थल पर मंत्र, पाठ, आरती आदि का सीधा प्रसारण लाउडस्पीकर से हो सकेगा। इसकी ध्वनि 55 डेसिबल से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। अदालत व अस्पताल से 100 मीटर की परिधि में लाउडस्पीकर नहीं बजाया जा सकता। पहले से रिकार्ड किया हुआ या डिजिटल रिकार्डिंग बजाने की अनुमति नहीं दी गई है।
ये है जरूरी
पूजा मंडप और पंडालों में कोविड-19 के प्रोटोकाल का सख्ती से पालन अनिवार्य। मास्क, शारीरिक दूरी, व्यक्तिगत व सामूहिक स्वच्छता जरूरी।
ये आदेश रहेंगे पूर्ववत
1. किसी थीम पर नहीं होगा पंडाल निर्माण, पंडाल चारों तरफ से कवर रहेगा, ताकि बाहर से प्रतिमा नहीं दिखे।
2. पूजा पंडाल, मंडप के समीप और उसके आसपास के क्षेत्रों में ल और सजावट नहीं होगी।
3. पूजा पंडाल और मंडप के पास कोई तोरण द्वार या स्वागत द्वार का निर्माण नहीं होगा।
4. प्रतिमा की अधिकतम ऊंचाई चार फीट होगी।
5. दुर्गा पूजा पंडाल अथवा मंडप के पास कोई फूड स्टॉल नहीं लगेगा।
6. विसर्जन जुलूस की मनाही, प्रतिमाओं का विसर्जन जिला प्रशासन द्वारा चिह्नित स्थानों पर होगा।
7. पूजा के दौरान संगीत अथवा मनोरंजन का कार्यक्रम नहीं होगा।
8. सामूहिक समारोह, प्रसाद और भोग का वितरण नहीं होगा।
9. दुर्गा पूजा के लिए कोई भी आमंत्रण कार्ड जारी नहीं करेंगे।
10. डांडिया अथवा गरबा कार्यक्रम का आयोजन नहीं होगा।
11. रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन नहीं होगा।
लापरवाही पर नपेंगे पुलिस-पदाधिकारी
दुर्गा पूजा ड्यूटी करनेवाले सभी पदाधिकारी कैमरे की नजर में रहेंगे। जरासी लापरवाही हुई तो विभागीय कार्रवाई तय है। पुलिस मुख्यालय भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं। एसएसपी असीम विक्रांत ¨मज ने खुद यहां के पुलिस पदाधिकारियों को सतर्क कर दिया है। सप्तमी से ही सभी पूजा पंडालों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया जाएगा। जिला पुलिस के अलावा चार कंपनी अतिरिक्त सुरक्षा बल भी पूजा ड्यूटी में लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा होमगार्ड के जवान भी ड्यूटी में शामिल होंगे। ऐसे तो हर पहलुओं पर पूरी सावधानी बरतने का निर्देश एसएसपी ने जारी किया है। विभिन्न पूजा पंडालों में ड्यूटी के दौरान जिस पुलिसकर्मी पर लापरवाही का आरोप लगेगा। सीसी टीवी फुटेज के आधार पर तत्काल कार्रवाई होगी। ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों को मास्क हेलमेट व जॉकेट भी दिया जाएगा। सभी पूजा पंडालों में पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति शुरू हो गई है।
24 घंटे कंट्रोल रूम में तैनात रहेगा त्वरित दस्ता धनबाद
पूजा की भीड़ में आपराधिक घटनाओं पर नियंत्रण के लिए आधा दर्जन क्यूआरटी का गठन किया है। जिसमें किसी भी सूचना पर क्यूआरटी तत्काल मौके पर पहुंचेगी। क्यूआरटी को धनबाद कंट्रोल रूम में रखा जाएगा। ऐसे में भी 40 पुलिसकर्मी पूरी संसाधन के साथ 24 घंटे कंट्रोल रूम में तैनात रहेंगे। जरूरत के साथ ही उन्हें इलाके में भेजा जाएगा। कंट्रोल रूम में अगर कोई आपराधिक सूचनाएं पुलिस को मिलेगी तो सबसे पहले इलाके के डीएसपी का त्वरित दस्ता मौके पर पहुंचेगा। शिव आरटी में तीन पदाधिकारी व एक दर्जन जवान शामिल रहेंगे। डीएसपी का त्वरित दस्ता शहर में भ्रमणशील रहेगा। जिस भी इलाके में छोटी-बड़ी घटना की सूचना मिलेगी तत्काल क्यूआरटी वहां पहुंचेगी।
पुलिस ने जनता से की अपील
शहर के किसी भी पंडाल में भ्रमण के दौरान वाहन का उपयोग करने से परहेज करें।
पूजा पंडाल में जाएं तो मास्क लगाकर रहे।
भीड़ से बचे शारीरिक दूरी का पालन करें।
सड़क पर पड़ी किसी वस्तु को हाथ न लगाएं।
आपराधिक सूचना मिलती है तो इसकी जानकारी पुलिस को दें।
किसी भी तरह की अफवाह से बचें। अफवाह फैलने से रोके
- पुलिस कंट्रोल रूम 100 डायल
- एसएसपी धनबाद - 9431120900
- सिटी एसपी धनबाद - 9431743111
- डीएसपी विधि व्यवस्था- 9431706374
- धनबाद थाना प्रभारी - 9431706386