Move to Jagran APP

Dumka By-election: उपचुनाव के रण में उतरे केंद्रीय मंत्री ने रोजगार के सवाल पर मुख्यमंत्री को घेरा, कहा-झारखंड में रोजगार सृजन की नहीं हो रही कोई पहल

केंंद्रीय जनजातीय कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा ने झारखंड की हेमंत सरकार पर सीधा प्रहार करते हुए कहा कि सरकार विजनलेस है। अर्जुन ने कहा कि ग्रामीण विकास केंद्र सरकार का लक्ष्य है लेकिन हेमंत सरकार इसे गंभीरता से नहीं ले रही है ।

By MritunjayEdited By: Published: Thu, 22 Oct 2020 04:39 PM (IST)Updated: Thu, 22 Oct 2020 04:39 PM (IST)
Dumka By-election: उपचुनाव के रण में उतरे केंद्रीय मंत्री ने रोजगार के सवाल पर मुख्यमंत्री को घेरा, कहा-झारखंड में रोजगार सृजन की नहीं हो रही कोई पहल
दुमका के सुविधा होटल में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा

दुमका, जेएनएन। दुमका विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रचार चरम पर पहुंच गया है। भाजपा ने दुमका विधानसभा उपचुनाव जीतने के लिए अपने तमाम धुरंधरों को प्रचार मैदान में उतार दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के बाद दुमका के चुनावी रण में प्रचार के लिए केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा भी पसीने बहा रहे हैं। उन्होंने प्रचार के दाैरान गुरुवार को दुमका में रोजगार के सवाल पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर हमला बोला है। 

loksabha election banner

केंद्र के साथ एकरारनामा को मुख्यमंत्री सार्वजनिक करें

केंंद्रीय जनजातीय कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा ने झारखंड की हेमंत सरकार पर सीधा प्रहार करते हुए कहा कि सरकार विजनलेस है। अर्जुन ने कहा कि ग्रामीण विकास केंद्र सरकार का लक्ष्य है लेकिन हेमंत सरकार इसे गंभीरता से नहीं ले रही है जिसकी वजह से राज्य में केंद्रीय योजनाएं भी फेल हो रही हैं। अर्जुन ने कहा कि हेमंत सरकार सिर्फ केंद्र पर आरोप लगाकर अपनी जिम्मेवारियों से नहीं बच सकती है। कहा कि राज्य में आर्थिक समृद्धि के लिए विजन के साथ काम करने की आवश्यकता है। समन्वय की कमी के कारण राज्य में रोजगार सृजन की कोई पहल नहीं हो रही है लेकिन राज्य सरकार को इसकी तनिक भी फिक्र नहीं है। राज्य सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए विकास से ज्यादा जोर राजनीतिक एजेंडे पर है। बिजली बकाए कटौती मामले पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बयान पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि तयशुदा एकरारनामा के तहत ही कार्रवाई की गई है। सरकार को एकरारनामा की प्रति सबके सामने रखना चाहिए। जहां तक जीएसटी के हिस्सेदारी का सवाल है तो राज्य सरकार को उनके हिस्से की 300 करोड़ मिल गई है।

जनजातीय विकास के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाएं पाइपलाइन में

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा है कि जनजातीय विकास के लिए मंत्रालय ने कई  महत्वाकांक्षी योजनाएं तैयार किया है। खासकर कृषकों की आय दोगुना करने के लिए उद्यमिता, उत्पादन एवं कृषि आधारित योजनाओं को लोकल को वोकल बनाने की पहल तेज होगी। संताल परगना के पाकुड़ में शहद उत्पादन का ब्लू प्रिंट तैयार है। इसी तरह से झारखंड में तसर सिल्क लिंकेज की वृहत कार्य योजना बनकर तैयार है। ऑर्गेनिक व्यापार का अंतरराष्ट्रीय बाजार है। इसको ध्यान में रखकर एसटीसी कंपोनेंट्स पर 45 हजार करोड़ रुपये खर्च हो सके इस दिशा में कल्याण मंत्रालय विभिन्न संबंधित विभाग के साथ समन्वय कर इसका अनुश्रवण कर रही है। मत्स्यपालन, आर्युवेद और पशुधन के जरिए किसानों की आर्थिक सेहत दुरूस्त करने की महत्वाकांक्षी योजना है। वहीं किसानों के हित में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन विधेयकों को लागू किया है जिससे किसानों काफी लाभ हो सकेगा। कहा कि नई शिक्षा नीति में जनजातीय शिक्षा पर जोर है। इसके जरिए क्षेेत्रीय भाषाओं को भी बढ़ावा मिलेगा।

समग्र विकास के लिए भाजपा को बनाएं विकल्प

अर्जुन मुंडा ने कहा कि समग्र विकास के लिए भाजपा को विकल्प बनाने की जरूरत है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जिस तरीके से मुख्यमंत्री बनने के बाद उपराजधानी और राजनीतिक तौर पर महत्वपूर्ण दुमका के मतदाताओं का तिरस्कार किया है वह उनकी प्रशासनिक क्षमता को दर्शाता है। यही वजह है कि राज्य में विधि- व्यवस्था चौपट है। दुष्कर्म और हत्या की घटनाएं आम हो गई है और यहां की जनता खुद को असुरक्षित

महसूस कर रही है। बिना किसी दल का नाम लिए अर्जुन मुंडा ने कहा कि दुमका की प्रशासनिक दृष्टि से उपेक्षा और राजनीतिक दृष्टि से भरपूर उपयोग किए जाने से यहां की माटी का चरित्र बदल जाएगा। इसकी उर्वरा शक्ति खत्म हो जाएगी। लगातार उपेक्षा के दंश से दुमका को बाहर निकालने की जरूरत है। मौके पर भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता मिसफिका, मीडिया सह प्रभारी अशोक बड़ाइक, दुमका के प्रभारी सत्येंद्र सिंह, शैलेंद्र सिंह, निवास मंडल एवं अजय गुप्ता मौजूद थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.