IRCTC: दादर में थमे मुंबई मेल के पहिये, तीन अक्टूबर को लेट आएगी, रांची-कामाख्या एक्सप्रेस सहित जानिए अन्य ट्रेनों का हाल
लगातार हो रही भारी बारिश से झारखंड बिहार और बंगाल ही नहीं महाराष्ट्र की ट्रेनें भी प्रभावित हो गई हैं। 29 सितंबर को हावड़ा से खुली मुंबई में भारी बारिश की वजह से आज मुंबई नहीं गई।
जागरण संवाददाता, धनबाद: लगातार हो रही भारी बारिश से झारखंड , बिहार और बंगाल ही नहीं महाराष्ट्र की ट्रेनें भी प्रभावित हो गई हैं। 29 सितंबर को हावड़ा से खुली मुंबई में भारी बारिश की वजह से आज मुंबई नहीं गई। रेलवे ट्रैक पर भारी जलजमाव की वजह से रेलवे ने इस ट्रेन को दादर में ही रोक दिया। मुंबई मेल के तकरीबन 7 घंटे लेट से दादर पहुंचने की सूचना जारी हुई है। इस वजह से एक अक्टूबर की रात मुंबई से खुलने वाली डाउन मुंबई मेल भी 2 घंटे से ज्यादा लेट खुलेगी। लेट खोलने की वजह से 3 अक्टूबर की सुबह धनबाद आने वाली मुंबई मेल लेट से पहुंचेगी। बारिश की वजह से इस रूट की दूसरी ट्रेनों के भी प्रभावित होने की संभावना है।
दूसरी ओर, झारखंड से असम के बीच चलने वाली इकलौती ट्रेन रांची कामाख्या एक्सप्रेस इस हफ्ते रद रहेगी। 5 अक्टूबर को कामाख्या से रांची के बीच चलने वाली ट्रेन को रद कर दिया गया है। वापसी में 6 अक्टूबर को रांची से कामाख्या जाने वाली ट्रेन रद रहेगी। धनबाद मंडल के रेल पीआरओ पीके मिश्रा ने बताया कि नॉर्थ फ्रंटियर रेलवे के अलीपुरद्वार मंडल के कुलाईग्राम और गुमानी हट रेलखंड के बीच रेलवे ट्रैक दोहरीकरण के लिए ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया है। इसी वजह से रांची कामाख्या एक्सप्रेस रद की गई है। इस रूट की कई दूसरी लंबी दूरी की ट्रेनों को भी अलग-अलग तिथियों में रद कर दिया गया है।
त्योहारी सीजन में लंबी दूरी की ट्रेनों में काफी भीड़ भाड़ है। ज्यादातर ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल है। यात्रियों ने महीनों पहले प्लानिंग कर टिकट बुक कराया था। अब त्योहारी सीजन में एकाएक ट्रेनों के रद होने से हजारों यात्रियों की परेशानी बढ़ जाएगी। पूजा की छुट्टियों में जिन्होंने सैर सपाटे की प्लानिंग की थी। ट्रेन रद होने से अब उनकी प्लानिंग पर पानी फिर जाएगा।