पेयजल मंत्री ने 2 साल में झारखंड के 12 लाख घरों में पानी पहुंचाने का किया दावा, अब झरिया का जल संकट करेंगे दूर
झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा है कि पिछले 2 साल में 12 लॉक घरों में पाइप वाटर पहुंचा दिया गया है। 2024 तक सभी घरों को जल संजोग दिया जाएगा। उन्होंने झरिया में व्याप्त जल संकट को दूर करने का भी आश्वासन दिया है।
जासं, मैथन : पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने रविवार को धनबाद आगमन के दौरान पत्रकारों से बातचीत में कहां कि राज्य सरकार का सभी घरों में नल का पानी पहुंचाना प्राथमिकता में है। वर्ष 2024 तक प्रदेश के सभी घरों में पानी पहुंचाने का लक्ष्य है। इस दिशा में सरकार जोर शोर से लगी हुई है। सरकार के गठन को दो साल हुए हैं और इन दो सालों में हमने 12 लाख घरों तक नल का पानी पहुंचाया है। जबकि पिछली सरकार ने मात्र पौने चार लाख घर तक ही नल का पानी पहुंचाया था। दरअसल पिछली सरकार का फोकस केवल योजना लागू करने पर था। उसे धरातल पर उतारने में ध्यान नहीं था। वर्तमान राज्य सरकार योजनाबद्ध तरीके से जलापूर्ति एवं अन्य योजनाओं पर कार्य कर रही है। जलापूर्ति योजना की प्रगति को लेकर हमने वर्ष वार कैलेंडर तैयार किया है। धनबाद के शहरी जलापूर्ति योजना और गोविंदपुर निरसा मेगा ग्रामीण जलापूर्ति योजना पर विशेष नजर है। झरिया में पानी की किल्लत की जानकारी मिली है। झरिया की जलापूर्ति योजना को झमाडा संचालित कर रहा है। झमाडा से वहां पानी की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली जाएगी। हर हाल में झरिया में पानी की किल्लत दूर की जाएगी।