बिन पगार कोरोना से लड़ रहे सदर अस्पताल के चिकित्सक-कर्मी, कर्मचारी संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी Dhanbad News
सदर अस्पताल में कार्यरत डॉक्टरों और कर्मचारियों की बहाली धनबाद डिस्टिक मिनिरल फाऊंडेशन ट्रस्ट डीएम एसपी के माध्यम से हुई है। इसमें इस ट्रस्ट को ही भेज वेतन भुगतान करने हैं।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद सदर अस्पताल में कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ रहे 47 डॉक्टरों और कर्मचारियों को 3 महीने से मानदेय नहीं मिला है। अब जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ झारखंड राज चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने मोर्चा खोल दिया है।
संघ के जिला मंत्री नंदलाल गोप ने डीसी को पत्र जारी करते हुए कहा है कि जल्द वेतन भुगतान नहीं हुआ तो कर्मचारियों के समक्ष भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो जाएगी। चिकित्सक एवं कर्मचारियों को आंदोलन करने पर विवश होना पड़ेगा। गोप ने कहा कि एक ओर डॉक्टर और कर्मचारी लगातार कोरोना वायरस के खिलाफ जंग लड़ रहे हैं दूसरी और उन्हें 3 माह से वेतन नहीं मिला है, यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सदर अस्पताल में फिलहाल 15 डॉक्टर और 32 कर्मचारी सेवा दे रहे हैं। फरवरी माह से सभी का वेतन बकाया है।
डीएमएफटी फंड से देना है वेतन : सदर अस्पताल में कार्यरत डॉक्टरों और कर्मचारियों की बहाली अनुबंध पर धनबाद डिस्टिक मिनिरल फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) के माध्यम से हुई है। ट्रस्ट के माध्यम से ही वेतन भुगतान करना है। सदर अस्पताल में डॉक्टरों और कर्मचारियों की बहाली 11 महीने के अनुबंध पर किया गया है।
लॉक डाउन होने के कारण थोड़ी परेशानी हुई। जल्द वेतन भुगतान कर दिया जायेगा। इस बारे में ट्रस्ट को भी सूचित किया गया है। -डॉ. गोपाल दास, सीएस, धनबाद
इससे दुर्भाग्य और क्या होगा कि जो डॉक्टर और कर्मचारी रात-दिन काम कर रहे हैं। अपनी जिंदगी की परवाह नहीं कर रहे हैं, लोगों की जान बचा रहे हैं। ऐसे लोगों को 3 माह से वेतन नहीं मिला है। उनकी मनोदशा पर क्या गुजर रही है, क्या विभाग और प्रशासन को यह पता है। डीसी को पत्र लिखकर आग्रह किया गया है यदि मांगें पूरी नहीं हुई तो, आगे संघ आंदोलन करेगा। --नंदलाल गोप, महामंत्री, झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ