कब तक ठीक होगा धनबाद का बिगड़ा माैसम ? 26 से फिर लाैटेगी सर्दी
Dhanbad Weather Latest Update धनबाद में माैसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। ठंड के माैसम में बेमाैसम की बारिश और बूंदाबांदी हो रही है। सोमवार को दूसरे दिन भी माैसम साफ नहीं हुआ है। सड़कों पर विजिबिलिटी काफी कम है। लोग दिन में ही वाहनों की बत्ती जला रहे हैं।
जागरण संवाददाता,धनबाद। माैसम का मिजाज लगातार दूसरे दिन भी बिगड़ा हुआ है। धनबाद के साथ ही पड़ोस के जिले बोकारो, गिरिडीह, जामताड़ा में रविवार की रात से ही बूंदाबांदी हो रही है। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई। विजिबिलिटि बहुत कम है। कोहरे जैसा धुंध छाया हुआ है। बीच-बीच में फुहारें गिर रही हैं। सोमवार को भी माैसम में सुधार नहीं है। रविवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। दिनभर हल्की बारिश भी होती रही। शाम के बाद बारिश थम गई।पर आसमान में बादल मंडराते रहे। सोमवार की सुबह भी आसमान में घने बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश भी हो सकती है। दिनभर बादल छाने के बाद सोमवार की शाम से मौसम का मिजाज बदल सकता है।
26 से साफ होगा माैसम
25 जनवरी को भी सुबह देर तक कोहरा छाने और आसमान में बादलों की आवाजाही जारी रहने की संभावना है। 26 जनवरी से मौसम पूरी तरह साफ होगा। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद के मुताबिक अगले दो-तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। पर धूप नहीं खिलने और बादल छाए रहने से दिन का तापमान कुछ ज्यादा सर्द रह सकता है। मौसम में बदलाव का कारण पश्चिमी विक्षोभ है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में घने बादल छाए हुए हैं। इसके साथ ही हरियाणा में साइक्लोनिक सरकुलेशन बन गया है। इस वजह से बादलों की आवाजाही हो रही है और यही बादल धनबाद का समेत राज्य के ज्यादातर हिस्से में बारिश करा रहे हैं। 26 जनवरी से मौसम साफ हो जाएगा।
बादल हटते ही फिर लौटेगी कड़ाके की ठंड
बादलों की आवाजाही की वजह से ठंड का असर कम हो गया है। रात में कड़ाके की सर्दी से राहत मिल गई है। पर बादलों के हटते ही एक बार फिर ठंड अपना तेवर दिखाएगी। मौसम विभाग में 26 जनवरी से न्यूनतम तापमान में दो से 4 डिग्री की गिरावट की संभावना जताई है। न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तक जा सकता है। पहाड़ों पर भारी बर्फबारी हो रही है। एक दो दिनों में इसका भी असर दिखेगा। बर्फीली हवाएं ठंड बढायेगी।
बसंत पंचमी के आसपास फिर जाएंगे बादल हल्की बूंदाबांदी भी संभव
फरवरी के पहले हफ्ते में भी बूंदाबांदी की संभावना जताई जा रही है। मानसून अध्ययनकर्ता डॉ एसपी यादव के अनुसार बसंत पंचमी के आसपास पश्चिमी विक्षोभ एक बार फिर अपना असर दिखाएगा। पश्चिमी विक्षोभ के बादलों की आवाजाही धनबाद और आसपास का मौसम भी प्रभावित होगा। कई दिनों तक बादल छाने और हल्की बारिश की भी संभावना रहेगी।