Dhanbad Weather Forecast: बिजली कड़कने के साथ चलेगी आंधी, कहीं-कहीं हल्की बारिश भी; पढ़ें माैसम विभाग की भविष्यवाणी
मौसम में यह बदलाव पश्चिम बंगाल के गंगा तट के किनारे बने साइक्लोनिक सरकुलेशन की वजह से हुआ है। साइक्लोनिक सरकुलेशन का प्रभाव झारखंड में भी है। दूसरी ओर पश्चिमी विक्षोभ के बादलों के इस और आने से बादलों की एक लंबी श्रृंखला भी बन चुकी है।
धनबाद, जेएनएन। गुरुवार की तरह शुक्रवार को भी धनबाद के आसमान में धूप-छांव की स्थिति बनी रहेगी। सुबह से ही बादलों की आवाजाही जारी है। धूप के तेवर कम रहेंगे। मौसम विभाग की माने तो शुक्रवार को बादल गरजने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की भी संभावना है। हल्की बारिश भी हो सकती है। मौसम में यह बदलाव अगले दो-तीन दिनों तक बना रह सकता है। रविवार तक मौसम का मिजाज बदलते रहने के आसार हैं। इस दौरान बीच-बीच में हल्की बारिश और बिजली कड़कने के साथ तेज हवा चलने की भी संभावना रहेगी।
मौसम में यह बदलाव पश्चिम बंगाल के गंगा तट के किनारे बने साइक्लोनिक सरकुलेशन की वजह से हुआ है। साइक्लोनिक सरकुलेशन का प्रभाव झारखंड में भी है। दूसरी ओर पश्चिमी विक्षोभ के बादलों के इस और आने से बादलों की एक लंबी श्रृंखला भी बन चुकी है। इसका प्रभाव भी धनबाद के मौसम पर है। यही वजह है कि रविवार तक मौसम का मिजाज बदलते रहने की संभावना जताई गई है। धनबाद के साथ-साथ जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, साहिबगंज, गिरिडीह और बोकारो जैसे जिलों का मौसम भी रविवार तक बदलते रहने के संकेत मौसम विभाग ने दिए हैं।
सोमवार से मौसम साफ होने की संभावना है। मौसम साफ होते ही धूप एक बार फिर अपना तेवर दिखाएगी। अधिकतम तापमान 40-41 के बीच पहुंच सकता है।