Dhanbad Weather Forecast: माता की विदाई के साथ ही मौसम ने ली अंगडाई, तड़के जैकेट-मफलर पहनकर निकला शहर
Dhanbad Weather Forecast मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 10 दिनों में न्यूनतम तापमान में 11 से 12 डिग्री तक कमी आ गई है। 15 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 34 से 35 और न्यूनतम 26 से 28 डिग्री पर था।
धनबाद, जेएनएन। Dhanbad Weather Forecast मां दुर्गा की विदाई के साथ ही मौसम ने अंगड़ाई ने ले ली। एकाएक पारा लुढ़क गया जिससे ठंड का अहसास होने लगा। विजयदशमी की शाम से ही लोग हल्की सिहरन महसूस करने लगे थे। मंगलवार तड़के शहर का वातावरण दिसंबर-जनवरी की सुबह जैसा हो गया। सुबह के लगभग नौ बजे तक कोहरा छाया रहा। लोग स्वेटर, जैकेट और मफलर लेकर घरों से निकले। मॉर्निंग वॉक के लिए निकली महिलाएं गर्म चादर की आगोश में दिखीं।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 10 दिनों में न्यूनतम तापमान में 11 से 12 डिग्री तक कमी आ गई है। 15 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 34 से 35 और न्यूनतम 26 से 28 डिग्री पर था। मंगलवार को अधिकतम तापमान 30 पर पहुंच गया और न्यूनतम तापमान 15 से 16 डिग्री पर आ गया। तापमान में गिरावट के साथ ही सर्दी का एहसास होने लगा है। मानसून एक्सपर्ट डॉ. एसपी यादव के मुताबिक धनबाद से मानसून की विदाई अक्टूबर के दूसरे हफ्ते में ही हो गई थी। राज्य के ज्यादातर हिस्सों से 26 अक्टूबर को दक्षिण-पश्चिम मानसून का प्रभाव खत्म हो चुका है। अब पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बढऩे से मौसम में ठंडक आ गई है। धीरे-धीरे इसका प्रभाव जाएगा जिससे ठंड भी बढ़ेगी।
धनबाद में चार फीसद कम हुई बारिश
धनबाद में अक्टूबर में होनेवाली बारिश में चार फीसद की कमी रही। सामान्य बारिश 8.1 एमएम होना चाहिए जो 82.5 एमएम रही।
30 अक्टूबर तक का संभावित तापमान
- मंगलवार अधिकतम 30 न्यूनतम 15
- बुधवार अधिकतम 30 न्यूनतम 16
- गुरुवार अधिकतम 30 न्यूनतम 17