Weather Update : एसी-कूलर की अभी दरकार नहीं, एक हफ्ते में 7-8 डिग्री तक गिरा धनबाद का तापमान
कोयलांचल के आसमान में कभी तेज धूप तो कभी बादल दस्तक देते रहे। अगले कई दिनों तक मौसम की स्थिति ऐसी ही बनी रहेगी। इस वजह से धूप की तपिश कम रहेगी और गर्मी कम लगेगी।
धनबाद, जेएनएन। गुरुवार को तेज आंधी और बारिश के बाद शुक्रवार को सुबह से धूप छांव की आंख मिचौनी चलती रही। आसमान में कभी तेज धूप तो कभी बादल दस्तक देते रहे। अगले कई दिनों तक मौसम की स्थिति ऐसी ही बनी रहेगी। इस वजह से धूप की तपिश कम रहेगी और गर्मी कम लगेगी। मौसम के बदले मिजाज की वजह से धनबाद के तापमान में परिवर्तन हो गया है।
कोयलांचल में पिछले हफ्ते अधिकतम तापमान जहां 40 के पार पहुंच गया था। अब इसमें सात से आठ डिग्री तक गिरावट आ गयी है। अभी और गिरावट की संभावना है। आम तौर पर अप्रैल में चिलचिलाती धूप के साथ तेज गर्मी पड़ती है। इस बार मौसमी में आए बदलाव की वजह से एसी और कूलर को लोग भूल गए हैं। पंखे की हवा ही राहत दे रही है।
28 अप्रैल तक का संभावित तापमान
- शुक्रवार- अधिकतम 32, न्यूनतम 21
- शनिवार- अधिकतम 32, न्यूनतम 21
- रविवार- अधिकतम 31, न्यूनतम 17
- सोमवार- अधिकतम 30, न्यूनतम 20
- मंगलवार- अधिकतम 30, न्यूनतम 21
तेज हवा संग बूंदाबांदी की संभावना : मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन तेज बादल गरजने के साथ आंधी चलने की संभावना जताई है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, 30 से 40 प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। इस दौरान हल्की बूंदाबांदी का भी अनुमान है।
बोकारो में भी आंधी के साथ गरजेंगे बादल : धनबाद के साथ-साथ बोकारो में भी अगले कुछ घंटों में तेज बादल गरजने के साथ आंधी चलने की संभावना जताई गई है।