Dhanbad Railway Division: कोरोना काल में रेलकर्मियों के रात्रि भत्ते और टीए पर ब्रेक, यूनियन ने डीआरएम से मिल जताया विरोध
कोरोना संक्रमण के बीच भी रेल कर्मचारी पूरी मेहनत और ईमानदारी से काम कर रहे हैं। इसके बाद भी रात्रि भत्ते से वंचित रखा जा रहा है। उनका टीए भी नहीं मिल रहा है। इससे कर्मचारियों में काफी नाराजगी है।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद रेल मंडल में काम करने वाले कर्मचारियों का कई महीनों से रात्रि भत्ता और टीए बंद है। इससे कर्मचारियों में मायूसी है और नाराजगी भी। रेल प्रशासन शीघ्र इस मामले में हस्तक्षेप करे। यह कहना था ईस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर यूनियन के मंडल मंत्री राकेश प्रसाद का। वो अपने सहकर्मियों के साथ डीआरएम आशीष बंसल से मिलने पहुंचे थे। मुलाकात के बाद कहा कि डीआरएम ने बातचीत कर समस्या का हल निकालने का भरोसा दिया है। अब देखते हैं आगे क्या होता है?
रेल कर्मचारियों का कहना है कि कोरोना संक्रमण के बीच भी रेल कर्मचारी पूरी मेहनत और ईमानदारी से काम कर रहे हैं। इसके बाद भी रात्रि भत्ते से वंचित रखा जा रहा है। उनका टीए भी नहीं मिल रहा है। इससे कर्मचारियों में काफी नाराजगी है। पहले भी कर्मचारियों के भत्ते को लेकर विरोध दर्ज कराया जा चुका है। पर अब तक मामले पर कोई पहल नहीं हुई है।
मंडल मंत्री ने कहा है कि रेल प्रशासन कर्मचारियों को आंदोलन के लिए बाध्य कर रही है। डीआरएम से आग्रह किया कि कर्मचारियों के भत्तों को लेकर जल्द से जल्द पहल करें। कर्मचारियों से जुड़ा मांगपत्र भी सौंपा। डीआरएम ने संबंधित विभाग से बातचीत कर शीघ्र हल निकालने का भरोसा दिलाया।