लोडिंग में धनबाद रेल मंडल देश में नंबर-2, रेलवे बोर्ड के चेयरमैन ने की सराहना
रेलवे धनबाद में 750 आवास बनाएगी। इसके अलावा पीडब्लूआई के खाली पद भी भरे जाएंगे। धनबाद रेल मंडल में चल रही विभिन्न परियोजनाओं की रेलवे बोर्ड चेयरमैन वीके यादव ने जानकारी ली।
धनबाद, जेएनएन। लोडिंग के मामले में धनबाद रेल मंडल देश में दूसरे स्थान पर है। 12 जनवरी 19 तक 100 मिलियन लोडिंग कर धनबाद देश के दूसरे नंबर पर पहुंच गया है। इसके लिए रेलवे बोर्ड के चेयरमैन वीके यादव ने धनबाद की सराहना की है। वैसे, चालू वित्तीय वर्ष का लक्ष्य 133 मिलियन टन है, जिसे हासिल करने के लिए 31 मार्च तक का समय है।
रेलवे बोर्ड के नए चेयरमैन वीके यादव ने रविवार को देश के सभी 68 मंडलों के डीआरएम के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग कर रहे थे। इस दाैरान धनबाद के डीआरएम अनिल कुमार मिश्र ने विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की जानकारी दी।
भरे जाएंगे पीडब्लूआई के खाली पदः रेलवे धनबाद में 750 आवास बनाएगी। इसके अलावा पीडब्लूआई के खाली पद भी भरे जाएंगे। धनबाद रेल मंडल में चल रही विभिन्न परियोजनाओं की रेलवे बोर्ड चेयरमैन वीके यादव ने जानकारी ली। पूरी हुई परियोजना के साथ साथ मौजूदा योजना के बारे में भी विस्तृत चर्चा की और उन्हें समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। चेयरमैन रविवार की शाम देशभर के सभी 68 मंडलों के डीआरएम के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग कर रहे थे। इस दौरान धनबाद डीआरएम अनिल कुमार मिश्रा ने धनबाद में चल रही विभिन्न परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। चेयरमैन ने लोडिंग बढ़ाने सहित अन्य योजनाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। वीडियो कांफ्रेंसिंग में धनबाद रेल मंडल को पांच मिनट का समय मिला था। इसी दौरान सभी विभागों ने अपनी प्रस्तुतियां दी।
मार्च से बदलेगा डीआरएम बनने की क्राइटेरियाः डीआरएम के पद तक पहुंचने के क्राइटेरिया में बदलाव किया जाएगा। अपने सेवा काल में अंतिम दौर का इंतजार नहीं करना होगा। यह बातें चेयरमैन ने कहीं। उन्होंने कहा कि मार्च तक प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।