Move to Jagran APP

धनबाद में किसने दी रेडियोलाजी केंद्रों को मनमानी की छूट ? इस जांच के लिए वसूल रहे डबल चार्ज

रेडियोलाजी केंद्र हाई रेजोलूशन कंप्यूटेड टामोग्राफी (एचआरसीटी) में मनमाना शुल्क ले रहे हैं। केंद्रों में कोविड नियमों का भी उल्लंघन हो रहा है। कोरोना फेफड़ों को प्रभावित करता है। इसे देखते हुए डाक्टर मरीजों को एचआरसीटी और सीटी चेस्ट जांच कराने की सलाह देते हैं।

By MritunjayEdited By: Published: Wed, 19 Jan 2022 03:44 PM (IST)Updated: Wed, 19 Jan 2022 03:44 PM (IST)
धनबाद में किसने दी रेडियोलाजी केंद्रों को मनमानी की छूट ? इस जांच के लिए वसूल रहे डबल चार्ज
हाई रेजोलूशन कंप्यूटेड टामोग्राफी ( प्रतीकात्मक फोटो)।

मोहन गोप, धनबाद। कोरोना की दूसरी लहर में जिला प्रशासन ने रेडियोलाजी केंद्रों के लिए जांच शुल्क तय किया था। अब तीसरी लहर में इस निर्देश का जिले के रेडियोलाजी केंद्र उल्लंघन कर रहे हैं। वे हाई रेजोलूशन कंप्यूटेड टामोग्राफी (एचआरसीटी) में मनमाना शुल्क ले रहे हैं। केंद्रों में कोविड नियमों का भी उल्लंघन हो रहा है। कोरोना फेफड़ों को प्रभावित करता है। इसे देखते हुए डाक्टर मरीजों को एचआरसीटी और सीटी चेस्ट जांच कराने की सलाह देते हैं। दूसरी लहर में प्रशासन ने एचआरसीटी के लिए 2750 रुपया शुल्क तय किया था जो आज भी प्रभावी है, पर इस बार प्रशासन का निर्देश रेडियोलाजी केंद्र नहीं मान रहे हैं। केंद्रों पर अलग-अलग शुल्क वसूला जा रहा है। हां, दिखावे के लिए बाहर 2750 का बोर्ड जरूर लगा है, पर अंदर कोई केंद्र चार हजार तो कोई 35 सौ रुपये वसूल रहा है। जागरण की टीम ने कई जांच घरों का जायजा लिया तो यह बात सामने आई।

loksabha election banner

किस जांच जांच घर में कितने की वसूली

  1. क्लीनिलैब, नया बाजार : यहां एचआरसीटी के लिए अलग-अलग चार्ज बताया गया। काउंटर पर 2750 रुपये बताया गया, जबकि एक कर्मी ने 3200 से चार हजार रुपये बताया। मशीन को बिना सैनिटाइज किए ही मरीजों की जांच हो रही थी। संचालक डा. समीरन ने बताया कि एचआरसीटी के लिए 2750 ही लिए जा रहे हैं। कोविड गाइड लाइन का पालन करने के लिए मरीजों से अपील की जाती है।
  2. अविष्कार डायग्नोस्टिक, सरायढेला : केंद्र में एक कर्मी ने एचआरसीटी के लिए पहले चार हजार रुपये बताया। इसके बाद दूसरा कर्मी 2750 रुपये बताने लगा। यहां भी मशीनों को सैनिटाइज नहीं किया जा रहा था। शारीरिक दूरी का भी पालन नहीं हो रहा था। हां, बिना मास्क लोगों को अंदर जाने नहीं दिया जा रहा था। केंद्र के संचालक दिवेन तिवारी ने बताया कि सरकार की ओर से इस बार रेट तय नहीं किया गया है। ज्यादा पैसे नहीं ले रहे हैं।
  3. सहयोग जांच केंद्र, बरटांड़: बरटांड़ स्थित सहयोग जांच केंद्र को स्वास्थ विभाग ने पीसी पीएनडीटी एक्ट के तहत बंद कराया है। विभाग से बिना अनुमति के ही केंद्र चल रहा है। एक कर्मी ने एचआरसीटी के लिए 35 सौ रुपये चार्ज बताया।
  4. रिलीफ जांच केंद्र, सरायढेला : एचआरसीटी के लिए 2750 एवं सीटी स्कैन के लिए चार हजार रुपये बताया गया। कर्मी का कहना है उनके यहां सरकार द्वारा तय राशि से अधिक पैसे नहीं लिए जा रहे हैं। इस केंद्र में आने वाले कई लोग मास्क नहीं पहन रहे थे। केंद्र के संचालक डा. राजीव ने बताया कि सरकार के आदेश के अनुसार ही चार्ज लिया जा रहा है।

बोले लोग

मुझे एचआरसीटी कराना है। क्लीनिलैब में काउंटर पर 2750 रुपया बताया गया। दोपहर बाद फिर आया तो एक कर्मचारी ने 3200 रुपये बताया। धैया का एक केंद्र गया, तो वहां पर चार हजार बता रहे थे। इसलिए अब यहीं पर 3200 देकर जांच करवा रहा हूं।

-अजीत कुमार, कुसुंडा

अविष्कार डायग्नोस्टिक में एचआरसीटी के लिए तीन हजार और सीटी स्कैन के लिए पांच हजार मांगे जा रहे हैं। दूसरी जगह चार्ज मात्र 2000 से 2500 के आसपास है।

-मनोज कुमार, बैंक मोड़

जिला प्रशासन द्वारा तय चार्ज के अनुरूप ही पैसा लेना हैं। अगर कोई जांच घर इससे ज्यादा ले रहा है तो लोग इसकी शिकायत करें। शिकायत मिलने पर कार्रवाई होगी।

-डा. श्याम किशोर, सिविल सर्जन


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.