Tablighi Jamaat: अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे इंडोनेशियाई जमाती, पुलिस ने जब्त किया मोबाइल फोन Dhanbad News
पीएमसीएच के आइसोलेशन वॉर्ड में भर्ती 10 इंडोनेशियाई नागरिकों को आईएसएम के क्वारंटाइन वॉर्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। ये यहां भी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं।
धनबाद, जेएनएन। Tablighi Jamaat से जुड़े 10 इंडोनेशियाई नागरिक नहीं मान रहे हैं। पहले इन्हें पाटलिपुत्र मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल (PMCH) में क्वारंटाइन किया गया था। यहां अजब-गजब हरकत कर रहे थे। बिरयानी के लिए हंगामा कर रहे थे। इनकी हरकतों के कारण महिला स्टॉफ असहज महसूस कर रही थीं। इसके बाद इन्हें IIT(ISM) में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर में शिफ्ट किया गया। यहां भी अपनी हरकतों से नहीं बाज आ रहे हैं। हंगामा की सूचना पर गोविंदपुर पुलिस ने सोमवार की आधी रात को IIT(ISM) के क्वारंटाइन सेंटर में छापा मारा। इस दाैरान इंडोनेशियाई तब्लीगी जमाती मोबाइल पर जोर-जोर से बात कर रहे थे। पुलिस ने सभी के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं।
पहले पीएमसीएच में किया गया था क्वारंटाइन
पीएमसीएच के आइसोलेशन वॉर्ड में भर्ती 10 इंडोनेशियाई नागरिकों को सोमवार को आईएसएम के क्वारंटाइन वॉर्ड में शिफ्ट किया। पिछले दिनों आईएसएम में अलग से क्वारंटाइन वॉर्ड बनाया गया है। लगातार संदिग्ध लोगों की संख्या बढऩे के कारण पीएमसीएच प्रबंधन ने आईएसएम प्रबंधन से वार्ता की थी। इसके बाद इन सभी इंडोनेशियाई नागरिकों को वहां शिफ्ट कर दिया गया। अब दूसरी बार इन इंडोनेशियाई नागरिकों के सैंपल जांच की जाएगी। इससे पहले जांच में सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। हालांकि, सरकारी गाइडलाइन के अनुसार जो भी विदेशी नागरिक हैं, उनका 14 दिनों में कम से कम 2 बार सैंपल जांच करना अनिवार्य है। इसके साथ ही 14 दिनों तक उसे निगरानी में भी रहना है। पहले इन इंडोनेशियाई नागरिकों को पीएमसीएच के आइसोलेशन वॉर्ड में रखा गया था।
हंगामा की सूचना पर पुलिस ने आधी रात को मारा छापा
इंडोनेशियाई तब्लीगी गोविंदपुर प्रखंड के भितिया मस्जिद में शरण लिए हुए थे। कोरोना का मामला सामने आने के बाद इन्हें पुलिस ने आसनबनी मस्जिद में क्वारंटाइन किया था। दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज प्रकरण सामने आने के बाद गोविंदपुर पुलिस ने आसनबनी मस्जिद से निकालकर पीएमसीएच में भर्ती करा दिया। इनकी हरकतों से पीएमसीएच में परेशानी हो रही थी। इसके बाद आइएसएम के क्वारंटाइन सेंटर में शिफ्ट किया गया। सोमवार की रात छापामारी के बाद गोविंदपुर थाना प्रभारी रणधीर कुमार ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से देर रात आइआइटी के हॉस्टल में क्वारंटाइन इंडोनेशियाई नागरिकों की जांच की गई। वे मोबाइल पर बात कर रहे थे। इसलिए मोबाइल जब्त कर लिए गए।
पीएमसीएच में कर रहे थे परेशान
पीएमसीएच के आइसोलेशन वॉर्ड में भर्ती इंडोनेशियाई नागरिक कर्मचारियों को परेशान कर रहे थे। गाइडलाइन का यह नागरिक पालन नहीं कर रहे थे। कभी बढ़िया खाना, तो कभी बढ़िया कपड़े की मांग कर रहे थे। दूसरी ओर पीएमसीएच में अन्य मरीज आ रहे थे, लेकिन इन लोगों की वजह से दूसरे संदिग्ध मरीजों को सदर अस्पताल भेजा जा रहा था। इस कारण आइएसएम के क्वारंटाइन सेंटर में शिफ्ट कर दिया गया है।