DMC: जल्द ही नीली वर्दी में नजर आएंगे नगर निगम के 800 सफाई कर्मी, पीठ पर लिखा होगा सफाई मित्र
डीएमसी अधिकारियों के राउंड पर जाने पर सफाई कर्मचारियों को पहचानना मुश्किल हो जाता है। कई बार नागरिकों को भी पता नहीं लग पाता था कि उनके क्षेत्र में कौन सा नया सफाई कर्मी ड्यूटी पर आया है। इसे देखते हुए वर्दी देने का खाका तैयार किया गया है।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद नगर निगम के 800 सफाई कर्मी अब नीली वर्दी में नजर आएंगे। जल्द ही सफाई कर्मियों को नीले रंग की वर्दी मिलने की उम्मीद है। नगर निगम की ओर से वर्दी का डिजाइन प्रस्ताव के लिए विभाग के पास भेज दिया गया है। अप्रूवल मिलते ही इसे तैयार कराकर सफाई कर्मियों को दे दिया जाएगा। वर्दी के आगे धनबाद नगर निगम का लोगो और पीछे पीठ पर धनबाद नगर निगम सफाई मित्र लिखा होगा।
नगर निगम के अनुसार जानकारी मिली है कि निगम अधिकारियों के राउंड पर जाने पर सफाई कर्मचारियों को पहचानना मुश्किल हो जाता है। कई बार नागरिकों को भी पता नहीं लग पाता था कि उनके क्षेत्र में कौन सा नया सफाई कर्मी ड्यूटी पर आया है। इस समस्याओं को देखते हुए नगर आयुक्त ने सफाई कर्मियों को वर्दी देने का खाका तैयार किया है। इससे सफाई कर्मचारी वर्दी में दिखेंगे तो किसी को कोई परेशानी नहीं होगी।
मिल सकता है नाम वाला बैज
नगर निगम के सूत्रों की मानें तो अगले चरण में सफाई कर्मियों को नाम वाला बैज भी दिया जा सकता है। इससे यह फायदा होगा कि मुहल्ले में सफाई करने वाले किसी भी सफाई कर्मी का नाम उसकी वर्दी पर लगे बैज से पता चल जाएगा। सफाई कर्मियों के मनमानी रवैये पर आसानी से पहचान हो सकेगी। लोगों को किसी से नाम नहीं पूछना पड़ेगा। बैज पर नाम देखकर उसकी शिकायत नगर निगम के अधिकारियों से की जा सकेगी। बढ़िया काम करने पर इन सफाई कर्मियों के नाम का भी आसानी से पता चल पाएगा।
सफाई कर्मियों को वर्दी देने का निर्णय लिया गया है। इससे एक तो ड्यूटी पर तैनात हर सफाई कर्मी की दूर से ही पहचान हो सकेगी, दूसरे नागरिकों को भी अवांछित लोगों का भय नहीं रहेगा। वर्दी के डिजाइन का प्रस्ताव लोगो के साथ भेजा गया है। अप्रूवल मिलते ही काम शुरू हो जाएगा।
- प्रेम प्रकाश, सिटी मैनेजर नगर निगम