रंगों के त्योहार की मस्ती में डूबा कोयलांचल, तस्वीरों में देखिए इसके विविध रंग
प्रेम और उल्लास के साथ लोग एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं। रंग अबीर और गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी जा रही है। सुबह से हर तरफ रंग और गुलाल उड़ता नजर आ रहा है।
धनबाद, जेएनएन। देश में आज होली का त्योहार मनाया जा रहा है। रंगो और उल्लास के त्योहार होली की मस्ती में धनबाद कोयलांचल भी डूब गया है। धनबाद शहर रंग में नहाया हुआ है। प्रेम और उल्लास के साथ लोग एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं। रंग, अबीर और गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी जा रही है। सुबह से हर तरफ रंग और गुलाल उड़ता नजर आ रहा है। रंगों के रंग में रंगे चेहरों को पहचाना मुश्किल हो रहा है। सब एक ही जैसे लग रहे हैं। सबसे ज्यादा बच्चों में होली का उल्लास देखा जा रहा है। सुबह कई स्थानों पर लोगों ने एकजुट होकर गालियों में रंग के ड्राम और बाल्टी भर कर रख ली थी। किसी राहगीर को भी नहीं छोड़ रहे हैं। होली के दाैरान विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
आइए तस्वीरों में देखते हैं धनबाद की होली के कुछ रंग-
चासनाला में सुबह-सुबह ही महिलाएं टोली बनाकर घरों से निकल गईं। वे पास-पड़ोस के घरों में जाकर महिलाओं को रंग से सराबोर कर रही थीं।
चासनाला में युवाओं की टोलियां कीचड़ होली की मस्ती में डूबी दिखी। वे राहगीर को भी नहीं छोड़ रहे थे। आने-जाने वालों को पकड़कर नाली और कीचड़ में डुबो रहे थे।
श्रमिक नगरी भूली पर भी होली का खुमार चढ़ा हुआ है। यहां सबसे ज्यादा मस्ती करते हुए बच्चे दिख रहे हैं।