मास्क व शारीरिक दूरी का पालन नहीं किया तो होगी कार्रवाई, आदत में शामिल करने को प्रशासन ने चलाया अभियान Dhanbad News
धनबाद जिला प्रशासन ने रणधीर वर्मा चौक सहित अन्य चौक-चौराहों पर विशेष अभियान चलाया। इसके तहत आते जाते दो पहिया चार पहिया वाहनों में सवार लोगों को मास्क पहनने को कहा गया।
धनबाद, जेएनएन। वैश्विक महामारी कोविड-19 के फैलाव के रोकथाम एवं बचाव के लिए घर से बाहर निकलने पर मास्क पहनना, शारीरिक दूरी का पालन करना तथा नियमित अंतराल पर अपने हाथों को साबुन या सैनिटाइजर से धोना अनिवार्य है। इसी उद्देश्य से शनिवार को जिला प्रशासन ने रणधीर वर्मा चौक सहित जिले के अन्य चौक चौराहों पर एक विशेष अभियान चलाया। इसके तहत आते जाते दो पहिया, चार पहिया वाहनों में सवार लोगों पर निगरानी रखी गई।
विशेष अभियान में शहर के रणधीर वर्मा चौक पर सिटी एसपी आर रामकुमार के साथ ग्रामीण एसपी अमित रेणु एवं डीएसपी विधि व्यवस्था मुकेश कुमार उपस्थित थे। सिटी एसपी ने बताया कि वैश्विक महामारी से बचाव तभी संभव है जब शारीरिक दूरी का पूर्णरूप से लोग पालन करेंगे। मास्क के इस्तेमाल को अपनी आदत में शामिल करेंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर से बाहर निकलने पर मास्क जरूर पहने एवं शारीरिक दूरी का पालन करें।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिस तरह संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है, उसे ध्यान में रखकर लोगों को नियमों का सही रूप से पालन करना आवश्यक है। जिले के सभी हाट बजारों में खरीदारी करने वाले लोग और व्यापारी भी मास्क पहने यह सुनिश्चित करने के लिए सभी थाना प्रभारियों को निगरानी रखने के निर्देश दिए गए है। उन्होंने बताया इस तरह का यह विशेष अभियान लगातार चलाया जाएगा।